'प्यार नहीं कर सकते तो परेशान मत कीजिए': कुमार सानू के 50 करोड़ के मानहानि केस पर पूर्व पत्नी रीता का छलका दर्द

सिंगर कुमार सानू ने अपनी पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य पर 50 करोड़ा का मानहानि का केस किया है।
Kumar sanu ex wife: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कुमार सानू और उनकी पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य के बीच कानूनी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। कुमार सानू ने अपनी एक्स वाइफ पर मानहानि का मुकदमा दायर किया है जिसपर अब रीता भट्टाचार्य ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने साफ किया है कि सानू ने उनसे 30 लाख नहीं, बल्कि पूरे 50 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, जिससे वह हैरान और दुखी हैं।
‘मैं सदमे में हूं’: रीता
बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में रीता ने कहा कि उन्हें यह सब बिल्कुल अप्रत्याशित लगा। उन्होंने कहा, “मैं शॉक में हूं। वह अपने तीन बड़े बेटों की मां के खिलाफ केस कर रहे हैं। जो कानूनी नोटिस मुझे भेजा गया है, उसमें 50 करोड़ रुपये की मांग की गई है। मुझे समझ नहीं आता कि सानू कैसे सोचते हैं कि मेरे पास इतना पैसा है। यह बेहद दुखद है।”

बच्चों पर भी पड़ रहा असर
रीता और कुमार सानू का अलगाव 1994 में हो गया था। दोनों के तीन बेटे हैं, जिनमें सबसे छोटा 31 साल का है। रीता का कहना है कि यह कानूनी लड़ाई सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके बच्चों को भी मानसिक रूप से प्रभावित कर रही है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, “मैं कोर्ट में उनसे मिलूंगी और हाथ जोड़कर सिर्फ इतना कहूंगी कि एक अच्छे इंसान बनने की कोशिश करें और मेरे बच्चों के पिता बनें। अगर आप हमसे प्यार नहीं कर सकते, तो कम से कम हमें परेशान और प्रताड़ित तो मत कीजिए।”
क्या है पूरा मामला?
इस हफ्ते की शुरुआत में कुमार सानू ने बॉम्बे हाई कोर्ट में रीता भट्टाचार्य के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया। उनका आरोप है कि रीता ने हालिया इंटरव्यू और सोशल मीडिया बयानों के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया है। रीता ने कुछ इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि गर्भावस्था के दौरान सानू ने उनके साथ गलत व्यवहार किया, उन्हें खाना और इलाज तक नहीं मिलने दिया। हालांकि, कुमार सानू की कानूनी टीम ने इन आरोपों को झूठा और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
मुकदमे में यह भी कहा गया है कि 2001 में हुए उनके तलाक के समझौते में यह शर्त थी कि दोनों में से कोई भी एक-दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आरोप नहीं लगाएगा, और रीता ने इस समझौते का उल्लंघन किया है। कुमार सानू और रीता भट्टाचार्य की शादी 1986 में हुई थी, जबकि उनका तलाक 2001 में आधिकारिक तौर पर पूरा हुआ।
