Sunjay Kapur funeral: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का आज दिल्ली में अंतिम संस्कार, पोलो मैच के दौरान हुआ था निधन

Sunjay Kapur funeral: अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। इस दुखद खबर के बाद से कपूर और सचदेव परिवार समेत इंडस्ट्री और उनके करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
53 वर्षीय संजय कपूर का निधन 12 जून को इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से हुआ। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया, हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मधुमक्खी के डंक की वजह से हुई एलर्जी को भी संभावित कारण बताया गया। अब तक इस पर कोई आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।
शव भारत लाने में देरी का कारण
दरअसल, संजय कपूर अमेरिकी नागरिक थे, जिससे उनके शव को भारत लाने में कागजी प्रक्रिया में समय लगा। उनके ससुर अशोक सचदेव ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही कानूनी औपचारिकताएं पूरी होंगी, शव भारत लाया जाएगा।
बता दें कि संजय कपूर की याद में 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में शाम 4 से 5 बजे के बीच प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।
प्रार्थना सभा के लिए जारी किए गए नोट पर संजय की मां रानी सुरिंदर कपूर, उनकी पत्नी प्रिया, बच्चे सफीरा और अजारियस, साथ ही पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर, बेटी समायरा और बेटे कियान के भी नाम और हस्ताक्षर शामिल हैं।
संजय कपूर का पारिवारिक जीवन
संजय कपूर का निजी जीवन काफी सुर्खियों में रहा। संजय कपूर ने साल 1996 में पहली शादी डिजाइनर नंदिता महतानी से की थी, जो कुछ ही सालों में टूट गई। इसके बाद साल 2003 में उन्होंने अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की, जिससे उनके दो बच्चे समायरा (19) और कियान (13) हैं। लेकिन साल 2016 में करिश्मा और संजय का तलाक हो गया। संजय कपूर ने करिश्मा से तलाक के बाद साल 2017 में प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की।
प्रिंस विलियम से थी गहरी दोस्ती
संजय कपूर केवल बॉलीवुड कनेक्शन के लिए नहीं बल्कि ब्रिटिश रॉयल फैमिली से करीबी रिश्तों के लिए भी पहचाने जाते थे। बताया जाता है कि वे प्रिंस विलियम के करीबी दोस्तों में से एक थे।
परिवार को मिली बॉलीवुड से संवेदनाएं
कपूर परिवार के सदस्य और इंडस्ट्री के कई चेहरे लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं। करिश्मा कपूर के बच्चों के हस्ताक्षर से जुड़ा शोक संदेश भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
काजल सोम
