Sunjay Kapur: दिल्ली में होगा संजय कपूर का अंतिम संस्कार, लेकिन पार्थिव शरीर भारत लाने में आ रही कानूनी अड़चन

Sunjay Kapur: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और व्यवसायी संजय कपूर का 12 जून को इंग्लैंड में पोलो मैच के दौरान निधन हो गया। वे 53 वर्ष के थे। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, उनकी मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई। संजय कपूर उस समय गार्ड्स पोलो क्लब में खेल रहे थे, जब उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्होंने खेल रोककर मैदान छोड़ दिया। बाद में, उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई।
हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि उन्होंने गलती से मधुमक्खी निगल ली थी और गले में डंक लगने के कारण दिल का दौरा पड़ा। उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का अभी इंतजार है।
अमेरिकी नागरिकता बनी देरी की वजह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संजय कपूर अमेरिकी नागरिक थे और उनका निधन यूके में हुआ। इसी के चलते उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने से पहले कुछ जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि यह प्रक्रिया जटिल है और इसमें समय लग सकता है। इससे पहले शुक्रवार को उनके ससुर अशोक सचदेव ने पुष्टि की है कि अंतिम संस्कार भारत के दिल्ली में किया जाएगा।
संजय कपूर का पारिवारिक जीवन
संजय कपूर का निजी जीवन हमेशा सुर्खियों में रहा है। उनकी पहली शादी फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से हुई थी, जो चार साल चली। इसके बाद उन्होंने साल 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे हैं- बेटी समायरा (19) और बेटा कियान (13)। यह शादी भी ज्यादा नहीं चली और साल 2016 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद साल 2017 में संजय ने मॉडल और बिजनेसवुमन प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की। अपनी मृत्यु के समय वे प्रिया के साथ विवाहित थे और परिवार के साथ इंग्लैंड में रह रहे थे।

सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट
मौत से कुछ दिन पहले, 9 जून को संजय कपूर ने सोशल मीडिया प्लेटफोर्म एक्स पर एक मोटिवेशनल पोस्ट शेयर किया था जिसमें लिखा था, "प्रगति के लिए साहसिक विकल्पों की आवश्यकता होती है, न कि आदर्श परिस्थितियों की।"
Progress demands bold choices, not perfect conditions. #MondayMotivation pic.twitter.com/vapd8KkOuU
— Sunjay Kapur (@sunjaykapur) June 9, 2025
काजल सोम
