'लिंबाचिया एंड सन्स': भारती और हर्ष ने खास अंदाज में Video शेयर कर दी दूसरे बेटे की खुशखबरी

भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया दूसरी बार माता-पिता बने हैं।
Bharti Singh baby: टीवी की मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। कपल ने अपने दूसरे बच्चे का स्वागत किया है। 19 दिसंबर 2025 को भारती ने एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया। इससे पहले दोनों तीन साल के बेटे लक्ष्य (गोला) के माता-पिता हैं।
सोशल मीडिया पर किया खुशखबरी का ऐलान
बच्चे के जन्म की खबर सामने आने के एक दिन बाद, भारती और हर्ष ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक क्यूट वीडियो शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी। वीडियो में “It’s a Boy” लिखा नजर आया, जो भारती के मैटरनिटी शूट का हिस्सा लग रहा था।
हर्ष ने मज़ाकिया अंदाज़ में कैप्शन लिखा, “लिंबाचिया एंड सन्स। फिर से लड़का हुआ।” हालांकि कपल इस बार बेटी की उम्मीद कर रहा था, लेकिन दूसरे बेटे के आने से दोनों बेहद खुश हैं।
जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, इंडस्ट्री के कई सितारों ने कमेंट्स के ज़रिए कपल को बधाइयां दीं। करण कुंद्रा ने लिखा, “बधाई हो लवली पैरेंट्स”, ईशा गुप्ता, अदा खान, सृति झा, करिश्मा तन्ना, मुक्ति मोहन, गौतम रोडे, शरद मल्होत्रा, पारस कलनावत समेत कई सेलेब्स ने भी शुभकामनाएं दीं।
शूट के दौरान बिगड़ी तबीयत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारती को शुक्रवार सुबह मुंबई में लाफ्टर शेफ्स सीजन 3 के शूट के दौरान अचानक अस्पताल ले जाना पड़ा। शूट पर मौजूद रहते हुए उनका वॉटर ब्रेक हुआ, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया।
शादी और पहला बच्चा
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने 3 दिसंबर 2017 को गोवा में धूमधाम से शादी की थी। कई सालों तक डेटिंग के बाद दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। कपल ने 3 अप्रैल 2022 को अपने पहले बेटे लक्ष्य का स्वागत किया था।
