Saroja Devi Death: अभिनेत्री सरोजा देवी की अंतिम इच्छा हुई पूरी, 5 साल से थी ये ख्वाहिश

दिग्गज साउथ अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
B Saroja Devi Death: साउथ सिनेमा की महान अभिनेत्री बी. सरोजा देवी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 14 जुलाई को 87 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उन्होंने अपने बेंगलुरु स्थित आवास में अंतिम सांस ली। दिल छू लेने वाली अदाएगी और खूबसूरत नैन-नख्श वाली अभिनेत्री बी सरोजा देवी की अंतिम इच्छा अब पूरी की गई है। उन्होंने सालों से एक ख्वाहिश रखी थी जिसे अब डॉक्टर्स ने पूरा किया है। आइए जाने हैं..
दरअसल, अदाकार सरोजा देवी की पूर्व इच्छा के अनुसार उनके निधन के बाद उनकी आंखें दान की गई हैं। बी. सरोजा देवी ने सालों पहले नारायण नेत्रालय के डॉक्टर राजकुमार आई बैंक में नेत्रदान के लिए पंजीकरण कराया था। अस्पताल के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "वह कई साल पहले अस्पताल में जांच के लिए आई थीं, तभी उन्होंने हमारे चेयरमैन से नेत्रदान करने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद उनके लिए एक डोनेशन कार्ड भी बनाया गया था। यह पंजीकरण करीब पांच साल पहले हुआ था।"
डॉक्टरों के अनुसार, अभिनेत्री के निधन के बाद दोनों कॉर्निया को सुरक्षित रूप से निकाले गए और जो पूरी तरह से स्वस्थ हालत में पाए गए थे। अब ये कॉर्निया जल्द ही दो जरूरतमंद लोगों को रोशनी देने के लिए प्रत्यारोपित किए जाएंगे।
भारतीय सिनेमा में सरोजा देवी की अमिट छाप
बी. सरोजा देवी का भारतीय सिनेमा में अहम योगदान रहा है। उन्होंने कई दशकों तक तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में काम करते हुए एक मजबूत पहचान बनाई। उनकी अभिनय कला और सादगी ने उन्हें लाखों दर्शकों के दिलों में जगह दी।
उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव दासवारा (बेंगलुरु साउथ) में वोक्कालिगा परंपराओं के अनुसार किया गया।
