'सिंगर्स का शोषण होता है, पैसे नहीं मिलते': अरिजीत सिंह के फैसले के बाद अभिजीत सावंत का बड़ा बयान

सिंगर अभिजीत सावंत ने म्यूजिक इंडस्ट्री को लेकर बड़ा खुलासा किया।
X

सिंगर अभिजीत सावंत ने म्यूजिक इंडस्ट्री को लेकर बड़ा खुलासा किया।

अभिजीत सावंत ने म्यूज़िक इंडस्ट्री को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सिंगर का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में गायकों को मेहनत के मुताबिक पैसे नहीं मिलते और उनका अक्सर शोषण किया जाता है।

Abhijeet Sawant: प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के अरिजीत सिंह के ऐलान के कुछ ही दिनों बाद म्यूज़िक इंडस्ट्री को लेकर एक और चौंकाने वाला बयान सामने आया है। इंडियन आइडल के पहले विजेता रहे सिंगर अभिजीत सावंत ने खुलकर कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में सिंगर्स को अक्सर कम पेमेंट दिया जाता है और उनका शोषण होता है।

अभिजीत सावंत का बड़ा बयान

पेंटराइज़ स्टूडियोज़ को दिए इंटरव्यू के दौरान अभिजीत से फिल्म म्यूज़िक में सिंगर्स की फीस और रॉयल्टी सिस्टम को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा- "लोग नहीं चाहते कि गायक फिल्म से भी ज्यादा मशहूर हो जाएं। इसीलिए उन्हें एक तय रकम दी जाती है। संगीतकारों को अभी भी फिल्म संगीत के लिए रॉयल्टी नहीं मिलती। हमें तो अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए भी पर्याप्त पैसा नहीं मिलता।"

उन्होंने आगे कहा, "उन्होंने ऐसा सिस्टम बना रखा है। गायक खुद अवसरों के लालची होते हैं और वे जानते हैं कि 'अगर यह गाना मेरी आवाज़ में, किसी बड़े सितारे के लिप-सिंक के साथ रिलीज़ हो जाए, तो मैं इस गाने का इस्तेमाल पूरी ज़िंदगी कर सकता हूं।' गायकों को पैसे की कोई चाह नहीं होती, क्योंकि वे बस गाना गाना चाहते हैं या किसी खास निर्माता के साथ काम करना चाहते हैं। हमें जो भी रकम मिलती है, हम उसे स्वीकार कर लेते हैं, क्योंकि अगर हम नहीं करेंगे, तो कोई और कर लेगा। हमारा बहुत शोषण होता है।"

अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ी

अभिजीत सावंत का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब अरिजीत सिंह ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया था। 27 जनवरी को अरिजीत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी दी थी।

उन्होंने लिखा- "नमस्कार, इतने वर्षों तक श्रोताओं के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्लेबैक गायक के रूप में कोई नया कार्यभार नहीं लूंगा। मैं इस पेशे को समाप्त कर रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।"

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story