UP LT Grade Teacher Recruitment 2025: टीचर बनने का मौका, बीएड की बाध्यता हटी; बीटेक आईटी अभ्यर्थी क्यों नाराज? जानें सबकुछ

WBSSC Recruitment 2025
UP LT Grade Teacher Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती 2025 के लिए 7,466 पदों की अधिसूचना जारी की है। इसमें 1,056 पद कंप्यूटर शिक्षकों के लिए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कंप्यूटर विषय के लिए बीएड की अनिवार्यता को हटा दिया गया है। यानी, अगर आपके पास बीएड डिग्री नहीं है, तब भी आप कंप्यूटर शिक्षक बन सकते हैं। लेकिन इस फैसले ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है, बीटेक (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) डिग्री धारकों को इस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है। आइए, इस पूरे मामले को समझते हैं।
बीएड की अनिवार्यता हटी
पहले, कंप्यूटर शिक्षक बनने के लिए बीएड डिग्री अनिवार्य थी।न साल 2018 में जब कंप्यूटर विषय को एलटी ग्रेड भर्ती में शामिल किया गया, तब बीएड की शर्त के कारण 1,673 में से 1,637 पद खाली रह गए थे। केवल 36 अभ्यर्थी ही चयनित हो सके। इस बार माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बीएड की अनिवार्यता हटाकर तकनीकी पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों को मौका देने की कोशिश की। नई नियमावली के तहत बीटेक (कंप्यूटर साइंस), बीएससी (कंप्यूटर साइंस), बीसीए, या एनआईईएलआईटी ‘ए’ लेवल के साथ ग्रेजुएशन वाले अभ्यर्थी पात्र हैं। लेकिन बीटेक (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) डिग्री धारकों को इस सूची से बाहर रखा गया है, जिससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर
बीटेक (आईटी) डिग्री धारकों का कहना है कि उनकी डिग्री कंप्यूटर विषय से पूरी तरह संबंधित है। फिर भी, उन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर रखना गलत और असंवैधानिक है। कई अभ्यर्थियों ने इस फैसले के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
याचिकाकर्ताओं की मांग है कि-
- बीटेक (आईटी) डिग्री को पात्रता सूची में शामिल किया जाए।
- नियमावली 2024 को अवैध घोषित किया जाए।
- उन्हें एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाए।
अभ्यर्थियों का तर्क है कि कंप्यूटर एक तकनीकी विषय है, और बीटेक (आईटी) डिग्री धारक इसकी गहरी समझ रखते हैं। उन्हें बाहर रखना न केवल उनके साथ अन्याय है, बल्कि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा को भी प्रभावित कर सकता है। अब सभी की निगाहें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जो इस मामले को नई दिशा देगा।
क्या है यूपी एलटी ग्रेड भर्ती 2025?
UPPSC ने 7 साल बाद एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। कुल 7,466 पदों में से 4,860 पुरुष, 2,525 महिला, और 81 दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए हैं। कंप्यूटर शिक्षक के लिए 1,056 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को 28 जुलाई से 28 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा, और दस्तावेज सत्यापन शामिल हैं।
