Priyal Dwivedi Exclusive: एमपी बोर्ड 12वीं में ओवरऑल टॉपर प्रियल द्विवेदी ने कैसे किया टॉप और क्या बनना चाहती हैं? जानिए

Priyal Dwivedi Exclusive: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की 12वीं कक्षा के रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं। इस साल करीब 7 लाख 6 हजार छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 74.48% सफल रहे। सबसे बड़ी उपलब्धि मैहर की प्रियल द्विवेदी ने हासिल की है। उन्होंने मैथ्स-साइंस ग्रुप में 500 में से 492 अंक लाकर प्रदेश में टॉप किया है। प्रियल कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमरपाटन की छात्रा हैं।
प्रियल द्विवेदी ने कहा कि उनकी मंजिल सिविल सर्विसेज हैं। उन्होंने बताया कि अगर रेगुलर स्कूल जाकर मन लगाकर पढ़ाई की जाए, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। प्रियल की इस शानदार सफलता से माता-पिता खुश हैं। प्रियल द्विवेदी ने कैसे किया टॉप और क्या बनना चाहती हैं? जानिए
प्रश्न 1 : प्रियल, आज आप पूरे मध्य प्रदेश में चर्चा में हैं... गूगल में आपके नाम, आपकी मार्कशीट, आपके ड्रीम, आपके गांव -शहर, आपके माता-पिता के बारे में सर्च किया जा रहा है? कैसा लग रहा है?
उत्तर: अच्छा लग रहा है , खुशी हो रही है। कभी सोचा नहीं था। एक सपने की तरह लग रहा है। जब रिजल्ट आया और मुझे टॉप करने की जानकारी मिली, तो यकीन ही नहीं हुआ। हर छात्र का सपना होता है कि वह टॉप करे। मेरा भी सपना था और इसके पूरा होने पर बहुत ख़ुशी हो रही है।
प्रश्न 2 : आपके पिता खुद एक टीचर हैं, उनसे आपको किस तरह का सपोर्ट मिला?
उत्तर: जिस स्कूल में मैंने पढ़ाई की है, उसी विद्यालय में पिताजी शिक्षक हैं, उनका पूरा सपोर्ट मिला।
प्रश्न 3. क्या आपको एमपी टॉप करने की उम्मीद थी?
उत्तर: रैंक 1 आने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन टॉप 10 में जरूर जगह बनाने की उम्मीद थी।
प्रश्न 4 : आपकी पढ़ाई करने का क्या तरीका रहा है, कितने घंटे पढ़ती थीं, आज जहां आपकी उम्र के बच्चे सोशल मीडिया में व्यस्त रहते हैं, ऐसे आपका क्या स्टेटस रहा?
उत्तर: सोशल मीडिया से खुद को दूर रखा। हर दिन 6 घंटे पढ़ती थी।
प्रश्न 5: आपने पढ़ाई की रणनीति कैसे बनाई?
उत्तर: हमने हर दिन का गोल तय कर रखी थी, उस गोल को कंप्लीट करके सोती थी।
प्रश्न 6: आपके सबसे मुश्किल और सबसे पसंदीदा विषय कौन से थे, और आपने उन्हें कैसे मैनेज किया?
उत्तर: सभी विषय अच्छे लगते हैं। सभी विषय को बराबर समय देती हूं।
प्रश्न 7: क्या आपने NCERT किताबों पर ज्यादा ध्यान दिया या अन्य रेफरेंस किताबों का भी इस्तेमाल किया?
उत्तर: हमने NCERT किताबों पर फोकस रखा। इससे बहुत मदद मिली।
प्रश्न 8: आपके जो मार्क आए उसमें से 8 नंबर कहां चूक गए?
उत्तर: मेरे फिजिक्स में 3 नंबर कम हैं, अंग्रेजी में 3 नंबर कम हैं, गणित में 2 नंबर कम हैं।
प्रश्न 9: पढ़ाई के दौरान मोटिवेशन बनाए रखने के लिए आपने क्या किया?
उत्तर: पढ़ाई के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने मोटीवेट किया, मोटिवेशन की कमी होने ही नहीं दिया कभी।
प्रश्न 10: छात्रों को आपका संदेश?
उत्तर: बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से यही कहूंगी की खुद पर विश्वास रख कर पढ़ाई करें।
प्रश्न 11: करियर आप किस क्षेत्र में बनाना चाहती हैं?
उत्तर: मैं अपना करियर सिविल सर्विस में बनाना चाहती हूं।
प्रश्न 12: आपके घर में कौन- कौन हैं? आपको मां का कितना सपोर्ट मिला?
उत्तर: मेरे घर में माता पिता और एक भाई है, जो भोपाल में इंजीनियर है। मेरी इस सफलता में मां का बहुत बड़ा योगदान है, उन्होंने पढ़ाई के दौरान कभी भी मुझसे घर का काम नहीं कराती थीं।
प्रश्न 13. परीक्षा की तैयारी के टिप्स क्या देना चाहेंगी?
उत्तर: रेगुलर पढ़ाई करें, एनसीआरटी को बहुत अच्छे से पढ़ें। हर दिन स्कूल जाएं और अपने डाउट्स जरूर सॉल्व करें।
प्रश्न 14: पढ़ाई के अलावा आपको खेल कूद में क्या पसंद है?
उत्तर: पढ़ाई से समय निकाल कर घर पर ही बैडमिंटन रैकेट खेलती थी। मुझे बैडमिंटन खेलना बहुत पसंद है।
