केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET फरवरी 2026) का आयोजन 7 और 8 फरवरी को देशभर के 140 शहरों में किया गया। परीक्षा संपन्न होने के बाद सीबीएसई ने एक अहम अपडेट जारी करते हुए बताया कि बिहार के दो परीक्षा केंद्रों पर पेपर-2 की परीक्षा नहीं हो सकी।

सीबीएसई के मुताबिक, अपरिहार्य कारणों के चलते वैशाली (हाजीपुर) स्थित दो केंद्रों पर CTET Paper-2 का आयोजन स्थगित करना पड़ा। ऐसे में इन केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए 15 दिनों के भीतर पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।

CBSE का आधिकारिक ट्वीट
सीबीएसई द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर दी गई जानकारी के अनुसार, देशभर के 1803 परीक्षा केंद्रों में से 1801 केंद्रों पर पेपर-2 सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। हालांकि, वैशाली (हाजीपुर) के निम्न दो केंद्रों पर परीक्षा संभव नहीं हो पाई-125016 – सेंट जॉन,अकादमी, बासमती नगर 125014 – लक्ष्य इंटरनेशनल अकादमी इन दोनों केंद्रों पर आवंटित उम्मीदवारों की री-एग्जाम 15 दिनों के भीतर आयोजित की जाएगी। संशोधित परीक्षा तिथि और शेड्यूल की जानकारी संबंधित अभ्यर्थियों को अलग से सूचित की जाएगी।

आंसर की और रिजल्ट पर असर
सीबीएसई की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन दो केंद्रों पर पुनः परीक्षा संपन्न होने के बाद ही CTET 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी की जाएगी। आंसर की जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे और यदि किसी उत्तर से असंतुष्ट हों तो निर्धारित समय के भीतर आपत्ति दर्ज कर पाएंगे। अभ्यर्थियों का फाइनल रिजल्ट फाइनल आंसर की के आधार पर घोषित किया जाएगा।

सीबीएसई ने प्रभावित उम्मीदवारों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और भरोसा दिलाया है कि परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा।