Bihar Board D.El.Ed Registration 2025-27: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed.) फेस-टू-फेस कोर्स के सत्र 2025-27 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड ने सभी मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। बिना रजिस्ट्रेशन के छात्र आगामी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सकेंगे।
रजिस्ट्रेशन के लिए महत्वपूर्ण तारीखें
बिहार बोर्ड के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 11 अप्रैल 2026 से शुरू हो गई है। फॉर्म भरने और फीस जमा करने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इसी समय सीमा के भीतर आवेदन और भुगतान दोनों पूरे होने चाहिए। फिलहाल बोर्ड ने आवेदन में सुधार (Correction Window) का कोई मौका नहीं दिया है, इसलिए सावधानी से फॉर्म भरना अनिवार्य है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में केवल वही छात्र भाग ले सकते हैं जिन्होंने सत्र 2025-27 के लिए वैध तरीके से प्रवेश लिया है। इसमें समिति द्वारा ऑनलाइन चयन, पहले, दूसरे, तीसरे राउंड या स्पॉट एडमिशन के जरिए प्रवेश पाने वाले छात्र शामिल हैं। साथ ही, संस्थान का NCTE से मान्यता प्राप्त और बिहार बोर्ड से संबद्ध होना जरूरी है। केवल वे छात्र ही पात्र हैं जिन्होंने D.El.Ed संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025 के दौरान कॉमन एप्लिकेशन फॉर्म जमा किया था।
दो भागों में बंटा है रजिस्ट्रेशन फॉर्म
रजिस्ट्रेशन फॉर्म को दो मुख्य खंडों में विभाजित किया गया है। सेक्शन A में आइटम नंबर 1 से 16 तक हैं, जिसमें छात्र का पहले से भरा हुआ विवरण ऑटो-फिल होगा। इसमें किसी भी तरह के बदलाव या छेड़छाड़ की अनुमति नहीं है। वहीं, सेक्शन B (आइटम 17 से 30) को मैन्युअल रूप से भरना होगा। इसमें आधार नंबर और अन्य व्यक्तिगत विवरण शामिल हैं। यदि किसी के पास आधार कार्ड नहीं है, तो उसे निर्धारित कॉलम में इसकी घोषणा करनी होगी।
रजिस्ट्रेशन के लिए कितनी लगेगी फीस?
बिहार डी.एल.एड रजिस्ट्रेशन के लिए प्रति छात्र कुल 400 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। इसका विवरण इस प्रकार है:
- आवेदन फॉर्म शुल्क: 50 रुपये
- ऑनलाइन डेटा एंट्री शुल्क: 20 रुपये
- रजिस्ट्रेशन शुल्क: 330 रुपये
- कुल शुल्क: 400 रुपये
संस्थान के प्रधान को यह राशि ऑनलाइन माध्यम (क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग) या NEFT के जरिए जमा करनी होगी।
आवेदन करते समय रखें इन बातों का ध्यान
बोर्ड ने निर्देश दिया है कि फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरती जाए। सेक्शन B में भरी गई जानकारी भविष्य के परीक्षा फॉर्मों के लिए आधार बनेगी। किसी भी त्रुटि की स्थिति में छात्र की पात्रता और विषयों के नामांकन पर असर पड़ सकता है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह से संस्थान के प्राचार्य के माध्यम से ही की जाएगी। अंतिम सबमिशन के बाद किसी भी सुधार की अनुमति नहीं मिलेगी।
मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए छात्र और संस्थान बोर्ड द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। मदद के लिए 9430429722 और 0612-2232239 पर फोन किया जा सकता है। इसके अलावा बोर्ड को आधिकारिक ईमेल bseb@antiersolutions.com पर भी संपर्क किया जा सकता है।