AIBE 21 Exam Date: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) 21 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। कानून के क्षेत्र में करियर बनाने और अदालतों में वकालत करने के लिए अनिवार्य यह परीक्षा 7 जून, 2026 को आयोजित की जाएगी। योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पंजीकरण और महत्वपूर्ण तिथियां
AIBE 21 के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार 30 अप्रैल, 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 1 मई है। यदि फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो 3 मई तक सुधार (Correction) किया जा सकेगा। बोर्ड द्वारा एडमिट कार्ड 22 मई को जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट allindiabarexamination.com और barcouncilofindia.org के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
वकालत के लिए क्यों जरूरी है यह परीक्षा?
भारत में किसी भी कोर्ट में वकालत करने के लिए 'सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस' (COP) प्राप्त करना अनिवार्य है। कानून स्नातक (Law Graduates) और एलएलबी के अंतिम सेमेस्टर के छात्र इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। बीसीआई ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट के जरिए आयोजित होगी। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड और फोटो आईडी प्रूफ ले जाना अनिवार्य होगा।
परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस
AIBE 21 एक ओपन-बुक परीक्षा होगी, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे। इस परीक्षा का उद्देश्य कानूनी समझ और पेशेवर नैतिकता की जांच करना है। प्रश्नपत्र में मुख्य रूप से संवैधानिक कानून, आपराधिक कानून (IPC), सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC), साक्ष्य अधिनियम, पारिवारिक कानून, प्रशासनिक कानून, साइबर कानून, कराधान कानून और अनुबंध कानून जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी।
पासिंग क्राइटेरिया और पिछले साल का परिणाम
इस परीक्षा को पास करने के लिए सामान्य (General) और ओबीसी (OBC) श्रेणी के उम्मीदवारों को कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। वहीं, एससी (SC), एसटी (ST) और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए पासिंग मार्क्स 40 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं। पिछले सत्र यानी AIBE 20 की बात करें तो कुल 2,51,968 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 1,74,386 पास हुए थे। पिछले साल का कुल पास प्रतिशत 69.21 रहा था।