NEET UG 2025: 'रिजल्ट से 6 घंटे पहले बदल जाएगा नीट स्कोर...',सीबीआई ने दो ठगों को किया गिरफ्तार

NEET UG 2025 scam: सीबीआई ने नीट यूजी 2025 की परीक्षा में कम अंक लाने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों से स्कोर बढ़वाने के नाम पर करीब 90 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खुद को NTA अधिकारियों से जुड़ा बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
मामले का कैसे हुआ खुलासा?
CBI ने 9 जून 2025 को संदीप शाह (सोलापुर) और सलीम पटेल (नवी मुंबई) के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी NEET में कम स्कोर लाने वाले छात्रों को निशाना बना रहे थे और स्कोर में हेरफेर करने के लिए प्रति छात्र ₹90 लाख (बाद में ₹87.5 लाख) की मांग कर रहे थे।
रिजल्ट जारी होने से 6 घंटे पहले स्कोर बदलने का करते थे दावा
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी मुंबई के Hotel ITC Grand Central, परेल में अभिभावकों से बैठकें करते थे। यहां वे खुद को NTA के वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़ा हुआ बताते और भरोसा दिलाते कि रिजल्ट जारी होने से 6 घंटे पहले स्कोर बदल दिए जाएंगे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नवी मुंबई और पुणे की एडमिशन कंसल्टेंसी फर्मों से जुड़े हुए थे। उनके मोबाइल से उम्मीदवारों की डिटेल्स, रोल नंबर, एडमिट कार्ड, स्कैन OMR शीट्स और हवाला लेन-देन के प्रमाण बरामद हुए हैं।
13 जून तक पुलिस रिमांड
संदीप शाह को 9 जून को मुंबई से और सलीम पटेल को 10 जून को सांगली जिले से गिरफ्तार किया गया। दोनों को CBI की विशेष अदालत, मुंबई में पेश किया गया जहां पहले 13 जून तक पुलिस रिमांड दी गई। आगे की जांच के लिए रिमांड को 16 जून तक बढ़ा दिया गया है।
NTA अधिकारियों की कोई भूमिका नहीं
CBI ने स्पष्ट किया है कि कोई भी सरकारी या NTA अधिकारी इस फर्जीवाड़े में शामिल नहीं है। आरोपी केवल झूठे दावे करके अभिभावकों का विश्वास जीतते थे। सीबीआई अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और अधिक पीड़ितों की पहचान में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घोटाले की विस्तार सीमा कितनी बड़ी है।
