CUET UG 2026 Form Last Date: आज आखिरी मौका, सीयूईटी यूजी एग्जाम के लिए तुरंत भरें आवेदन फॉर्म

CUET UG 2026 Form Last Date
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG 2026) में शामिल होने के इच्छुक छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से सीयूईटी यूजी परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे बिना देर किए फॉर्म भर लें, क्योंकि इसके बाद आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी।
सीयूईटी यूजी 2026 का आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन माध्यम से भरा जा सकता है। छात्र एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। हालांकि, फॉर्म भरने के बाद एप्लीकेशन फीस जमा करने के लिए उम्मीदवारों को 7 फरवरी 2026 तक का समय दिया जाएगा।
यदि किसी अभ्यर्थी से आवेदन फॉर्म भरते समय कोई गलती हो गई है, तो उसे सुधारने का मौका भी दिया जाएगा। एनटीए की ओर से करेक्शन विंडो 9 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक खोली जाएगी। इस दौरान छात्र अपने आवेदन में सीमित सुधार ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे।
परीक्षा की संभावित तारीखों की जानकारी पहले ही जारी की जा चुकी है। आधिकारिक ब्रोशर के अनुसार, CUET UG 2026 परीक्षा का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच किया जाएगा। एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा से करीब 10 दिन पहले और एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से लगभग 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
जो छात्र साइबर कैफे नहीं जा पा रहे हैं, वे घर बैठे भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, इसके बाद लॉग इन कर जरूरी जानकारी भरनी होगी और अंत में निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखना जरूरी है।
एप्लीकेशन फीस की बात करें तो तीन विषयों के लिए आवेदन करने पर जनरल श्रेणी के उम्मीदवारों को 1000 रुपये शुल्क देना होगा। ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 900 रुपये जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 800 रुपये फीस निर्धारित की गई है। तीन विषयों के बाद अतिरिक्त विषय जोड़ने पर प्रति विषय अलग से शुल्क देना होगा। विदेश में परीक्षा केंद्र चुनने वाले उम्मीदवारों के लिए एप्लीकेशन फीस 4500 रुपये तय की गई है।
