Bihar Board Exam 2026 शुरू: एंट्री टाइम से लेकर सख्ती तक, यहां जानें पूरी गाइडलाइंस

एंट्री टाइम से लेकर सख्ती तक, यहां जानें पूरी गाइडलाइंस
X

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से इंटरमीडिएट (12वीं) बोर्ड परीक्षा 2026 की शुरुआत आज यानी 2 फरवरी से हो रही है। परीक्षाएं 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। एग्जाम से पहले बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइंस जारी कर दी हैं और साफ कहा है कि नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी तरह की लापरवाही या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बोर्ड ने ट्वीट और आधिकारिक नोटिस के जरिए छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और सभी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और अनुशासन को लेकर इस बार खास सख्ती बरती जा रही है।

Bihar Board Exam 2026: क्या हैं जरूरी नियम

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के लिए जारी प्रमुख नियमों के अनुसार, परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी हाल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी। इसके लिए छात्रों को सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक केंद्र में प्रवेश मिलेगा। सुबह 9 बजे के बाद गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे।

वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी। इस शिफ्ट के छात्रों को दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक एंट्री दी जाएगी। 2 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

नियम तोड़े तो होगी कानूनी कार्रवाई

बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई परीक्षार्थी जबरदस्ती या अवैध रूप से परीक्षा परिसर में प्रवेश करने की कोशिश करता है तो उसे दो साल के लिए परीक्षा से निष्कासित कर दिया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज की जाएगी।

इतना ही नहीं, अगर किसी केंद्र पर अवैध रूप से आए परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाती है, तो संबंधित केंद्राधीक्षक के खिलाफ निलंबन और कानूनी कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।

10वीं और 12वीं की परीक्षा तिथियां

डेटशीट के अनुसार, बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षाएं 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेंगी। वहीं, हाई स्कूल (10वीं) की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story