गर्मियों में नहीं होगी पानी की समस्या : केजरीवाल

X
By - haribhoomi.com |12 April 2015 6:30 PM
सरकार ने अपना वादा पूरा कियाः केजरीवाल
नई दिल्ली .इस गर्मी दिल्लीवासियों को पानी की समस्या नहीं होगी। दिल्ली सरकार गर्मी की शुरुआत में ही पर्याप्त जल की व्यवस्था करने में जुट गई है। यह कहना है दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल का। रविवार को करावाल नगर में आयोजित हुई अधिकार रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे आम जनता से किए थे उस दिशा में काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कॉलोनियों पर से अवैध का नाम मिटाने के लिए हमनें रजिस्ट्री खोलने का निर्णय लिया है।
सरकार जल्द इन कॉलोनियों की बाउंड्री फिक्स कर रजिस्ट्री का काम शुरू करेगी। सरकार ने अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा दिल्ली के जेजे बस्तियों में रह रहे लोगों को भी छत देने की दिशा में काम शुरू हो गया है। दिल्ली सरकार इन्हें भी पक्का मकान बनवा कर देगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले बिजली के दाम आधे करने का वादा किया था। सरकार ने इस वादे को पूरा कर दिया है। जल्द ही बिजली के दामों को घटाने के लिए अन्य प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आप की सरकार दिल्ली को पूर्ण भ्रष्टाचार मुक्त शहर बनाना चाहती है। इसके लिए एंटी करप्शन हेल्पलाइन को लॉन्च कर दिया है। अब हर व्यक्ति इंस्पेक्टर बन गया है। वह मोबाइल से रिश्वत मांगने वालों को कैद कर जेल पहुंचवा सकता है। वहीं गोपाल राय ने कहा कि सरकार ई-रिक्शा, मजदूर, गरीब वर्ग के लिए भी काम कर रही है। सरकार ई-रिक्शा को लाइसेंस देने के लिए कैंप लगाया था आने वाले दिनों में फिर से कैंप लगाए जाएंगे। वहीं मजदूरों के संबंध में कहा कि सरकार ने इनकी मांग पर न्यूनतम मजदूरी में इजाफा किया है।
योगेन्द्र यादव गुट और केजरीवाल गुट के बीच चल रहे तकरार पर खुलकर बोलते हुए अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग हमें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। आपको इस पर ध्यान नहीं देना चाहिए। कुछ लोग रोज टीवी पर हमारे खिलाफ बोलते हैं और बोलते रहेंगे। आपको अपने विवेक से काम लेना चाहिए। बता दें कि पिछले दिनों एक स्टिंग में दिखाया गया था कि केजरीवाल ने प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव के लिए आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया। यहीं नहीं उनपर आरोप भी लगे कि उनके बाउंसरों ने आप के कुछ नेताओं से मारपीट की, उन्हें चोट पहुंचाई। वहीं एंटी करप्शन हेल्पलाइन को लॉन्च करने के दौरान तालकटोरा स्टेडियम में बाउंसर दिखे थे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story
- होम
- क्रिकेट
- ई-पेपर
- वेब स्टोरीज
- मेन्यू
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS