Avadhut Sathe: कौन हैं अवधूत साठे? जो 500 करोड़ के एडवाइजरी सर्विस मामले में SEBI के रडार पर आए

फाइनेंस इनफ्लुएंसर अवधूत साठे पर 500 करोड़ की अनरजिस्टर्ड एडवाइजरी सेवाओं का आरोप लगा है।
Who is Avadhut Sathe: फाइनेंस इन्फ्लुएंसर अवधूत साठे पर सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी सेबी का शिकंजा कस गया है। उन पर बिना रजिस्ट्रेशन के निवेश से जुड़ी सलाह देने के आरोप हैं। सूत्रों के मुताबिक, साठे की कथित गैरकानूनी कमाई करीब 400 से 500 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है।
सेबी ने इससे पहले, साठे के खिलाफ नोटिस जारी करने का फैसला लिया था लेकिन बाद में उनके ठिकानों पर सर्चिंग का फैसला किया। इस मामले में एक डिटेल जांच जारी है। उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के कॉन्टेंट को भी जांचा जा रहा है।
अवधूत साठे के खिलाफ सेबी का शिकंजा कसा
हाल ही में FICCI के एक कार्यक्रम में सेबी के मेंबर कमलेश वार्ष्णेय ने इस एक्शन की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने नाम नहीं लिया लेकिन सूत्रों ने ये जानकारी दी है कि ये कार्रवाई अवधूत साठे के खिलाफ ही की गई है।
वार्ष्णेय ने साफ किया है कि अगर कोई फिन इन्फ्लुएंसर गारंटीड रिटर्न का वादा करता है या निवेश संबधी जानकारी देता है तो उसके लिए सेबी से रजिस्टर्ड होना जरूरी है। यहां तक कि लाइव मार्केट डेटा का इस्तेमाल करने वाली क्लासेस के लिए भी सेबी की मंजूरी चाहिए। हालांकि, जो लोग केवल निवेश संबंधी जागरुकता फैलाने का काम कर रहे, उन्हें किसी रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है।
कौन हैं अवधूत साठे? (Who Is Avadhut Sathe)
मुंबई में रहने वाले साठे, अवधूत साठे ट्रेडिंग एकेडमी के ओनर हैं, जिसकी शुरुआत जनवरी 2015 में हुई थी, जैसा कि उनके लिंक्डइन प्रोफाइल से पता चलता है। वह 2010 से साधन एडवाइजर्स नामक एक अन्य फर्म से भी जुड़े हुए हैं। साठे का यूट्यूब चैनल, जिसके 9 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, खुदरा निवेशकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
साठे अपनी एकेडमी में अपने द्वारा विकसित तकनीक का इस्तेमाल कर छात्रों को शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के लिए ट्रेंड करते हैं। आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, उनका दृष्टिकोण 'गॉड मार्केट' के प्रति सम्मान पर आधारित है, जिसे कंपनी का मूल विश्वास माना जाता है। मुंबई में मुख्यालय वाली इस एकेडमी के प्रमुख भारतीय शहरों में केंद्र हैं। इसकी वैश्विक उपस्थिति भी है।
कंपनी के रीजनल सेंटर बेंगलुरु, कोच्चि, पुणे, नवी मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई, हैदराबाद और इंदौर सहित अन्य स्थानों पर स्थित हैं। एकेडमी को 600 से अधिक सदस्यों और 200 से अधिक ASTA सत्संग केंद्रों का समर्थन हासिल है, जिसके बारे में एकेडमी का कहना है कि यह सामूहिक प्रगति पर उसके ज़ोर को दर्शाता है।
साठे की लिंक्डइन प्रोफ़ाइल के अनुसार, उन्होंने नेशनल सेंटर फ़ॉर सॉफ़्टवेयर टेक्नोलॉजी से सॉफ़्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। प्रोफ़ाइल में बताया गया है कि उन्होंने 1991 में मुंबई विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स में BE किया है। ट्रेडिंग और निवेश से संबंधित बिजनेस में उतरने से पहले, वह डेलॉइट और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट सहित अन्य कंपनियों से जुड़े थे।
(प्रियंका कुमारी)
