Tomato Prices: पाकिस्तान में टमाटर के दाम क्यों 400% बढ गए? हर दिन 1 मिलियन डॉलर का नुकसान

पाकिस्तान में क्यों टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं।
Tomato Prices: पाकिस्तान में इन दिनों टमाटर लोगों की थाली से गायब होते जा रहे। देश में टमाटर की कीमतें करीब 400% तक बढ़ गईं, और अब यह 600 पाकिस्तानी रुपये (करीब 188) प्रति किलो बिक रहे हैं। वजह है पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और 11 अक्टूबर से सीमा बंद होना।
दोनों देशों के बीच सीमा पर झड़पों और पाकिस्तान की हवाई कार्रवाई के बाद बिजनेस पूरी तरह ठप है। यह 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद का सबसे गंभीर संघर्ष माना जा रहा, जिसमें दोनों तरफ दर्जनों लोगों की मौत हुई। सीमा बंद होने के बाद पाकिस्तान में रोजमर्रा की ज़रूरतों की चीज़ों के दाम आसमान छूने लगे।
टमाटर के अलावा सेब, गेहूं, चावल, चीनी और डेयरी उत्पादों के दाम भी बढ़ गए हैं क्योंकि इनकी बड़ी सप्लाई अफगानिस्तान से होती थी। दोनों देशों के बीच सालाना व्यापार करीब 2.3 अरब डॉलर (20 हजार करोड़) का है, जिसका बड़ा हिस्सा ताज़ा फल-सब्ज़ियों और खाद्य उत्पादों का होता है।
हर दिन एक मिलियन डॉलर का नुकसान
काबुल में पाक-अफगान चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रमुख खान जान आलोकजई ने बताया कि हर दिन दोनों देशों को लगभग 10 लाख डॉलर का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 500 कंटेनर सब्ज़ियों के एक्सपोर्ट के लिए रोज़ तैयार रहते हैं, लेकिन अब वे सभी खराब हो गए हैं।
पाकिस्तान के तोरखम बॉर्डर पर करीब 5 हजार ट्रक और कंटेनर फंसे हुए हैं। इनमें फल, सब्ज़ियां, अनाज और अन्य वस्तुएं शामिल हैं, जो दोनों देशों की सप्लाई चेन को प्रभावित कर रहे हैं।
ईरान, सिंध और क्वेटा से आ रही सप्लाई
इस्लामाबाद के एक टमाटर विक्रेता ने बताया, 'अफगानिस्तान से सप्लाई बंद है, अब टमाटर ईरान, सिंध और क्वेटा से आ रहे हैं। डिमांड तो पहले जैसी ही है, लेकिन सप्लाई बहुत कम है, इसलिए दाम तेजी से बढ़े हैं।'
जल्द सप्लाय सामान्य होने की उम्मीद
पाकिस्तानी बाज़ार समिति के चेयरमैन साजिद अब्बासी ने उम्मीद जताई है कि हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक सप्लाई रूट्स को मज़बूत किया जा रहा और हमें उम्मीद है कि कीमतें जल्द स्थिर होंगी।
हाल ही में कतर और तुर्की की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ है, जो फिलहाल लागू है। हालांकि सीमा व्यापार अभी भी रुका हुआ है, और अगली वार्ता 25 अक्टूबर को इस्तांबुल में होने वाली है।
(प्रियंका कुमारी)
