US-India Trade Deal: 3656 अंक उछलकर खुला सेंसेक्स, निफ्टी में 1220 अंकों की बढ़त; ट्रेड डील का दिखा असर

अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील के ऐलान का असर मंगलवार सुबह भारतीय शेयर बाजार में साफ दिखाई दिया। 3 फरवरी को बाजार खुलते ही निवेशकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया और सेंसेक्स व निफ्टी ने रिकॉर्ड तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 फरवरी को भारत के साथ ट्रेड डील की घोषणा की थी। ट्रंप ने दावा किया कि इस समझौते के तहत भारत पर लगने वाला अमेरिकी टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। इसके अलावा ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत रूसी तेल की खरीद कम या बंद कर अमेरिका और संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती और आपसी सम्मान के चलते यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू किया गया है। इसी भरोसे ने शेयर बाजार में निवेशकों का मनोबल बढ़ा दिया।
ट्रेडिंग की शुरुआत में ही सेंसेक्स करीब 3656 अंक उछलकर 85,523.30 पर खुला, जबकि इसका पिछला क्लोजिंग लेवल 81,666.46 था। वहीं निफ्टी ने भी जोरदार छलांग लगाते हुए 1220 अंकों की बढ़त के साथ 26,308.05 पर कारोबार शुरू किया।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक ट्रेड डील से भारतीय कंपनियों के निर्यात, मैन्युफैक्चरिंग और एनर्जी सेक्टर को बड़ा फायदा मिल सकता है। खासतौर पर ऑटो, मेटल, आईटी और ऑयल एंड गैस शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली।
हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि ट्रेड डील की सभी शर्तें कब से पूरी तरह लागू होंगी और भारत सरकार की ओर से रूसी तेल को लेकर क्या आधिकारिक रुख होगा। लेकिन फिलहाल बाजार ने इस खबर को सकारात्मक संकेत के रूप में लिया है और इसका असर शुरुआती कारोबार में साफ दिखा।
