Stock Market: भारत-ईयू डील के बीच बाजार गिरा, सेंसेक्स डे हाई से 500 अंक गिरा, क्यों मार्केट में आई गिरावट?

Stock Market today nifty sensex
X

Stock Market today nifty sensex

Stock Market: भारत और ईयू के बीच हुई ट्रेड डील के बीच मंगलवार को शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट में आ गए। ऑटो शेयरों में बिकवाली और एफआईआई की लगातार निकासी से दबाव बढ़ा।

Stock Market today: भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच ऐतिहासिक ट्रे़ड डील के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट आ गई। घरेलू शेयर बाजारों ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और कुछ ही देर में गिरावट के साथ कारोबार करने लगे। ऑटो शेयरों में तेज बिकवाली और विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी ने बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने मजबूती दिखाई लेकिन यह तेजी टिक नहीं पाई।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 362.13 अंकों यानी 0.44 फीसदी की बढ़त के साथ 81899.83 के इंट्राडे हाई तक पहुंचा। वहीं निफ्टी 136.30 अंक या 0.54 फीसदी चढ़कर 25184.95 पर पहुंच गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद मुनाफावसूली हावी हो गई और दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में फिसल गए। हालांकि, 2 बजे के करीब थोड़ी रिकवरी आई और सेंसेक्स 28 अंक या 0.03 फीसदी गिरकर 81507 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी भी 25050 के स्तर पर आ गया था।

शेयर बाजार में आई गिरावट

निफ्टी 50 पैक में कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी इंडिया सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में रहे। इन शेयरों में 4 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक और अडानी एंटरप्राइजेज में अच्छी खरीदारी देखने को मिली और ये शेयर 6 फीसदी तक चढ़े। बाजार की चौड़ाई नकारात्मक रही, जहां 1447 शेयरों में तेजी जबकि 2273 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। 152 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

बाजार गिरने की बड़ी वजहें

ऑटो शेयरों में मुनाफावसूली: ऑटो सेक्टर में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत, यूरोपीय यूनियन के साथ ट्रेड डील के तहत यूरोपीय कारों पर आयात शुल्क घटाने की तैयारी में है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कारों पर टैरिफ 110 फीसदी से घटाकर 40 फीसदी किया जा सकता। इस खबर के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 5.1 फीसदी तक टूट गए और निफ्टी ऑटो इंडेक्स करीब 2.2 फीसदी गिर गया।

विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली: विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 4113.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। जनवरी में अब तक 14 सत्रों में एफआईआई सिर्फ एक दिन खरीदार रहे हैं। इस लगातार बिकवाली से बाजार की धारणा कमजोर बनी हुई है।

इंडिया VIX में उछाल: बाजार में डर का पैमाना माने जाने वाला इंडिया विक्स 8 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 15.38 पर पहुंच गया। बढ़ती अस्थिरता निवेशकों को सतर्क कर रही है, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा है।

(प्रियंका कुमारी)

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story