November CPI: खुदरा महंगाई 0.71%, सब्जियों की कीमतें 22% गिरीं, RBI के लक्ष्य से काफी नीचे कायम

नवंबर में खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतें 2.78% गिरीं हैं।
November CPI: भारत की खुदरा महंगाई नवंबर में हल्की बढ़ोतरी के साथ 0.71% पर रही लेकिन यह लगातार तीसरे महीने रिज़र्व बैंक के 4% लक्ष्य और +/-2% के टॉलरेंस बैंड के काफी नीचे बनी हुई है। शुक्रवार को सांख्यिकी मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार,खुदरा महंगाई लगभग वैसी ही रही जैसी विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया था।
ब्लूमबर्ग के विश्लेषकों ने 0.7% का अनुमान जताया था। इससे पहले अक्टूबर में CPI 0.25% था, जो अब तक का सबसे कम स्तर है। पिछले साल नवंबर 2024 में CPI 5.48% थी। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया पहले ही चालू वित्त वर्ष के लिए महंगाई का अनुमान 2.6% से घटाकर 2% कर चुका। लगातार कम महंगाई के बीच यह संकेत है कि कीमतों पर दबाव फिलहाल नियंत्रित है। हालांकि,नवंबर में हल्की बढ़त का कारण कुछ खाद्य पदार्थों- जैसे सब्ज़ियां,अंडे,मांस-मछली,मसाले, ईंधन और प्रकाश, की कीमतों में मामूली उछाल रहा।
खाद्य टोकरी में कौन-सी चीजें बढ़ीं-घटीं?
नवंबर में खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतें 2.78% गिरीं। हालांकि यह गिरावट अक्टूबर (3.72%) से कम रही। अच्छी फसल और पर्याप्त सप्लाई की वजह से ज़्यादातर खाद्य आइटम नियंत्रण में रहे।
अनाज: 0.1% (अक्टूबर: 0.92% ↑)
मांस-मछली:2.50% (1.74% ↑)
अंडा:3.77% (1.33% ↑)
सब्ज़ियां: 22.20% (27.57% ↓)
तेल और वसा:7.87% (11.17% ↑)
दालें:15.86% (16.15% ↓)
दूध:2.45% (2.35% ↑)
मसाले:2.89% (3.29% ↓)
चीनी:4.02% (4.02% ↑)
अन्य श्रेणियों में स्थिति
हाउसिंग:2.95% (2.96% ↑)
कपड़ा और फुटवियर:1.49% (1.7% ↑)
फ्यूल और लाइटिंग:2.32% (1.98% ↑)
कोर महंगाई, जिसमें खाद्य और ईंधन शामिल नहीं होते-4.4% पर स्थिर रही।
बड़ी तस्वीर क्या कहती है?
भले ही CPI में थोड़ा उछाल दिखा हो लेकिन कुल मिलाकर महंगाई बेहद निचले स्तर पर है। लगातार कम कीमतें RBI के लिए राहत की खबर हैं और आगे चलकर ब्याज दरों पर फैसलों को प्रभावित कर सकती हैं। मजबूत फसल,पर्याप्त सप्लाई और वैश्विक कीमतों की नरमी ने इसे स्थिर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
(प्रियंका कुमारी)
