मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने मजबूत बढ़त के साथ बुधवार को कारोबार की शुरुआत की। वैश्विक संकेतों में सुधार और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सीधा असर घरेलू बाजार पर दिखाई दिया। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिर शुरू होने की खबर से भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। इस सकारात्मक माहौल में बीएसई सेंसेक्स करीब 1,268 अंक की छलांग लगाकर 78,116 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी भी लगभग 388.80 अंक या 1.63% की तेजी के साथ 24,231.45 के स्तर पर खुला। तेजी का असर सभी सेक्टोरल इंडेक्सों में देखने को मिला। बाजार खुलते ही निवेशकों की झोली में 7.84 लाख करोड़ रुपए आ गए।
वैश्विक संकेतों ने भरा बजार में जोश
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी और तेल कीमतों में नरमी ने निवेशकों की धारणा को मजबूत किया है। इससे भारतीय बाजार में भी खरीदारी का माहौल बना। शुरुआती कारोबार में लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में दिखाई दे रहे हैं, जिससे व्यापक स्तर पर तेजी देखने को मिल रही है। आज की तेजी का नेतृत्व बैंकिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और मिडकैप शेयर करते दिख रहे हैं। सेंसेक्स 50 और भारत 22 इंडेक्स में भी 1% से अधिक की तेजी देखने को मिली है, जो बाजार की व्यापक मजबूती को दर्शाता है।
ये हैं टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स
तेजी वाले शेयरों में रेलटेल सबसे आगे है, जिसमें 10% से अधिक की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा AWFIS, MTARTECH, CYIENT और EIEL जैसे शेयरों में भी अच्छी खरीदारी रही। वहीं दूसरी ओर JUSTDIAL, UJJIVANSFB, ICICI AMC, NIACL और DRREDDY जैसे शेयरों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। जस्टडायल का शेयर 547.85 रुपये पर बंद हुआ, जिसमें 24.50 रुपये यानी करीब 4.28% की गिरावट दर्ज की गई। उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर भी 2.04 रुपये गिरकर 58.30 रुपये पर आ गया। ICICI एएमसी के शेयर 103.60 रुपये टूटकर 3,248 रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह DRREDDY का शेयर 30.95 रुपये टूटकर 1,204.25 रुपये पर पहुंच गया।
बढ़त में 2,038 कंपनियों के शेयर
शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में मजबूती का माहौल है। शुरुआत के समय करीब बीएसई की कंपनियों के 2,038 शेयर बढ़त में कारोबार करते दिखाई दिए, जबकि 440 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। 58 शेयर 52-सप्ताह के उच्च स्तर पर जा पहुंचे, जो बाजार में मजबूत बुलिश सेंटीमेंट का संकेत है। शुरुआती कारोबार में 100 शेयरों में अपर सर्किट लगता दिखाई दिया।आज की तेजी साफ तौर पर मजबूत खरीदारी और सकारात्मक वैश्विक संकेतों का परिणाम । हालांकि चुनिंदा शेयरों में दबाव देखने को मिला, ओवरऑल ट्रेंड तेजी का है। सोमवार को बंद होते समय बीएसई का मार्केट कैप 448.76 लाख करोड़ था, जो सुबह-सुबह बढ़कर 456.60 लाख करोड़ हो गया।