Instant Loan: जिंदगी में कब, कहां अचानक नया खर्च सामने खड़ा हो जाए, कहा नहीं जा सकता। कभी अस्पताल का बिल,कभी बच्चों की स्कूल फीस, तो कभी अचानक जरूरी यात्रा। ऐसे वक्त में सबसे बड़ी चिंता होती है पैसों का इंतजाम। अच्छी बात यह है कि आज के डिजिटल दौर में इंस्टेंट लोन लेना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया और अगर आपके पास आधार कार्ड है तो प्रोसेस और भी आसान हो जाती।
लेकिन लोन के लिए आवेदन करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप इसके योग्य हैं या नहीं। ज्यादातर बैंक और एनबीएफसी यही देखते हैं कि आप वयस्क हों और आपकी नियमित आय हो। आप नौकरीपेशा हों या व्यवसायी, फर्क नहीं पड़ता, बस आपकी आमदनी स्थिर होनी चाहिए। आपका आधार कार्ड वैध हो और उससे आपका चालू मोबाइल नंबर लिंक हो क्योंकि पहचान की पुष्टि ओटीपी के जरिए की जाती है। साथ ही अच्छा क्रेडिट स्कोर होना भी जरूरी है। अगर आपने पहले समय पर लोन चुकाया है, तो मंजूरी मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
सही लेंडर चुनना सबसे अहम
बाजार में कई ऐप और विज्ञापन 'मिनटों में लोन' का दावा करते हैं। ऐसे दावों से सावधान रहें। हमेशा किसी रजिस्टर्ड बैंक,एनबीएफसी या भरोसेमंद डिजिटल लेंडिंग प्लेटफॉर्म को ही चुनें। ब्याज दर,प्रोसेसिंग फीस, लेट पेमेंट चार्ज और लोन चुकाने की अवधि को ध्यान से पढ़ें। थोड़ी सी रिसर्च आगे की परेशानी से बचा सकती है।
लोन देने वाले को चुनने के बाद आप उनकी वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आपको नाम, पता, नौकरी या व्यवसाय की जानकारी,मासिक आय और पैन कार्ड डिटेल भरनी होती है। पहचान के लिए आधार नंबर देना होता है। इसके बाद आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है। ओटीपी डालते ही आपकी डिजिटल वेरिफिकेशन पूरी हो जाती। पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में हो जाती है।
हालांकि आधार पहचान के लिए काफी है,फिर भी लेंडर आपसे सैलरी स्लिप,बैंक स्टेटमेंट या बिजनेस इनकम से जुड़े दस्तावेज मांग सकते हैं। ज्यादातर प्लेटफॉर्म पर ये डॉक्यूमेंट ऑनलाइन अपलोड किए जा सकते हैं, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस रहती है।
जानकारी और क्रेडिट हिस्ट्री जांचने के बाद अगर आपका आवेदन मंजूर हो जाता है, तो लोन ऑफर दिया जाता है। ऑफर को तुरंत स्वीकार करने से पहले शर्तों को ध्यान से पढ़ें। यह समझ लें कि हर महीने आपको कितनी किस्त चुकानी होगी। ऑफर स्वीकार करते ही रकम सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है।
इंस्टेंट लोन आपात स्थिति में मददगार साबित हो सकता है लेकिन इसे सोच-समझकर लें। उतना ही उधार लें,जितना वास्तव में जरूरी हो और जिसे आप समय पर चुका सकें।
(प्रियंका कुमारी)
