Gold-Silver Price: ईरान तनाव के बीच सोना-चांदी में हफ्तेभर तेज बढ़त दर्ज हुई। बीच में गिरावट आई, लेकिन सेफ हेवन डिमांड लगातार बनी रही। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में कीमतों में और तेजी संभव है।

Gold-Silver Price: वैश्विक अनिश्चितता और ईरान से जुड़े तनाव के बीच सोना और चांदी एक बार फिर निवेशकों की पहली पसंद बने हुए। पूरे हफ्ते में तेज उतार-चढ़ाव के बावजूद दोनों की कीमतों में मजबूत बढ़त देखने को मिली।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 4.06 फीसदी चढ़ा जबकि स्पॉट सिल्वर में 4.67 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई। वहीं घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर भी सोना 2.63 फीसदी और चांदी 2.67% ऊपर बंद हुए। इससे साफ है कि वैश्विक तनाव के दौर में निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर लौट रहे। हालांकि हफ्ते के आखिरी दिनों में तेज गिरावट भी देखने को मिली। 2 अप्रैल को एमसीएक्स पर चांदी करीब 4.9% गिरकर 227694 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई जबकि सोना 2.67% गिरकर 146091 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव जारी
वैश्विक बाजार में भी इसी तरह का रुख रहा। गुरुवार को स्पॉट गोल्ड 5 फीसदी से ज्यादा गिरकर 4553 डॉलर तक पहुंच गया था जबकि चांदी करीब 9 फीसदी टूटकर 70 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। बाद में सोना 4676.76 डॉलर पर बंद हुआ। यह गिरावट उस समय आई जब डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान के साथ तनाव भले कम हो सकता है, लेकिन आने वाले हफ्तों में सैन्य कार्रवाई तेज हो सकती।

भारत में कीमतों की बात करें तो 24 कैरेट सोना करीब 149750 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 137271 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी 233340 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बनी हुई है।

गिरावट के बाद भी सोने-चांदी में खरीदारी जारी
विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार में गिरावट के दौरान भी सोना-चांदी में खरीदारी जारी है। कोटक सिक्योरिटीज के मुताबिक, सोने के लिए 4550 डॉलर का स्तर अहम सपोर्ट। इसके नीचे जाने पर कीमतें और गिर सकती हैं। वहीं चांदी के लिए 69.13 डॉलर का स्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि डॉलर में कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव के चलते सोना-चांदी को सपोर्ट मिल रहा। हालांकि पहले जितनी तेज मांग नहीं है लेकिन जोखिम बने रहने से निवेशकों का भरोसा कायम है।

स्पॉट प्राइस 4800 डॉलर से ऊपर रहा तो तेजी 
आने वाले समय की बात करें तो अगर स्पॉट गोल्ड 4800 डॉलर के ऊपर निकलता है तो यह 4900 डॉलर तक जा सकता। घरेलू बाजार में 152000 रुपये के ऊपर टिकने पर सोना 155000 से 158000 रुपये तक जा सकता। चांदी में भी तेजी के संकेत हैं। यदि यह 74 डॉलर के ऊपर टिकती है तो 76–78 डॉलर तक पहुंच सकती है। एमसीएक्स पर 233000–234000 का स्तर पार होने पर 240000 रुपये तक की तेजी संभव है।

(प्रियंका कुमारी)