नई दिल्ली। सप्ताह की शुरुआत में सर्राफा बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज कमजोरी दर्ज की गई। वैश्विक बाजार में गिरावट, बढ़ती महंगाई की चिंता और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने का असर सीधे बुलियन मार्केट पर पड़ा है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून डिलीवरी वाला सोना 1,46,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जो पिछले बंद भाव 1,47,255 रुपये से कम रहा। कारोबार के दौरान सोना करीब 3,043 रुपये यानी 2.06 प्रतिशत गिरकर 1,44,212 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच गया।
वहीं, चांदी की कीमतों में भी गिरावट का रुख रहा। मई डिलीवरी वाली सिल्वर फ्यूचर्स 0.96 प्रतिशत गिरकर 2,25,763 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि पिछला बंद भाव 2,27,954 रुपये था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में कमजोरी देखी गई। स्पॉट गोल्ड 1.61 प्रतिशत गिरकर 4,420.48 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर करीब 3 प्रतिशत टूटकर 67.69 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इसी तरह COMEX गोल्ड 1.69 प्रतिशत गिरकर 4,447.50 डॉलर और COMEX सिल्वर करीब 3 प्रतिशत गिरकर 67.72 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव के चलते ऊर्जा कीमतों में तेजी आई है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका है। इसके चलते अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर हुई है, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ा है।
बताया जा रहा है कि इस महीने अब तक सोना करीब 15 प्रतिशत तक गिर चुका है, जो अक्टूबर 2008 के बाद सबसे बड़ी मासिक गिरावट है। वहीं, चांदी भी अपने मार्च के उच्च स्तर से करीब 30 प्रतिशत तक टूट चुकी है।
विश्लेषकों का कहना है कि फिलहाल सोना-चांदी में कमजोरी बनी रह सकती है और आने वाले समय में इनकी कीमतें वैश्विक आर्थिक संकेतों, ब्याज दरों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर निर्भर करेंगी। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहकर सोच-समझकर निवेश करने की सलाह दी गई है।