Gold-Silver ETF Price: ग्लोबल बाजार से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच बुधवार को गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कमजोर अमेरिकी डॉलर और उम्मीद से कम महंगाई आंकड़ों के चलते कीमती धातुओं की कीमतों में उछाल आया, जिसका सीधा फायदा ईटीएफ निवेशकों को मिला।
दरअसल, अमेरिका के प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) के आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहे। इससे महंगाई को लेकर चिंता थोड़ी कम हुई और बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट बना। जब डॉलर कमजोर होता है तो सोना अन्य देशों के निवेशकों के लिए सस्ता हो जाता, जिससे इसकी मांग बढ़ती है और कीमतों में तेजी आती है।
गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में आई तेजी
सिल्वर ईटीएफ की बात करें तो एक्सिस सिल्वर ईटीएफ में सबसे ज्यादा 5.54% की तेजी दर्ज हुई। वहीं, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ 5.43% और कोटक सिल्वर ईटीएफ 5.66% तक चढ़ गए। इसके अलावा मिराए एसेट, मोतीलाल ओसवाल, एचडीएफसी और निप्पॉन इंडिया के सिल्वर ETF में भी मजबूती देखी गई।
डॉलर के कमजोर होने का मिला फायदा
गोल्ड ईटीएफ में भी खरीदारी का माहौल रहा। निप्पॉन इंडिया ईटीएफ गोल्ड बीस करीब 2 फीसदी बढ़ा जबकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल गोल्ड ईटीएफ में 1.5% और एक्सिस गोल्ड ईटीएफ में 1.7% की तेजी आई। यूटीआई, एडेलवाइस, HDFC, क्वांटम और DSP के गोल्ड ETF भी हरे निशान में रहे।
कच्चे तेल के कारण महंगाई बढ़ी रह सकती
बाजार को सपोर्ट अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती कूटनीतिक बातचीत की खबरों से भी मिला। इससे सोने की कीमतों में 2% से ज्यादा उछाल आया। साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से महंगाई का दबाव कम हुआ, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि आगे की राह पूरी तरह आसान नहीं है। ऊर्जा कीमतों के कारण महंगाई बनी रहने की आशंका है, जिससे ब्याज दरों में कटौती में देरी हो सकती है और इससे सोने की तेजी सीमित रह सकती है।
इस बीच एमसीएक्स के शेयरों में भी जबरदस्त उछाल आया। कंपनी का शेयर एनएसई पर 4.46% चढ़कर 2,889 रुपये के नए 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंच गया। यह तेजी कीमती धातुओं की कीमतों में आई मजबूती के कारण देखने को मिली।
अन्य धातुओं की बात करें तो एल्युमिनियम की कीमतों में भी तेजी रही। फ्यूचर्स मार्केट में इसकी कीमत 0.65% बढ़कर 369.05 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। विश्लेषकों का कहना है कि उद्योगों की बढ़ती मांग और ट्रेडर्स की नई पोजिशन बनने से एल्युमिनियम की कीमतों को सपोर्ट मिला है।
कुल मिलाकर, कमजोर डॉलर और ग्लोबल संकेतों ने कमोडिटी बाजार में नई जान डाल दी है, जिससे निवेशकों को अच्छा फायदा मिल रहा है।
(प्रियंका कुमारी)









