Budget 2025: आज 1 फरवरी 2025 को भारत का केंद्रीय बजट जारी होने जा रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट की मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय पहुंच चुकी हैं। इस अवसर पर सीतारमण का अंदाज कुछ अलग नजर आया। इस बार, निर्मला सीतारमण को क्रीम रंग की साड़ी में देखा गया है, जो विशेष रूप से आकर्षक है। यह साड़ी मंत्री सीतारमण को पद्म श्री दुलारी देवी ने भेंट की थी, जो बिहार की कृति और कला का प्रतीक मानी जाती हैं।
इस साड़ी के साथ मंत्री ने शॉल डाला हुआ था। साथ ही उनके हाथों में इस बार पारंपरिक 'बही खाता' के बजाय लाल रंग का टैब देखा गया। कुछ ही देर में वित्त मंत्रालय में बैठक के बाद सीतारमण बजट को मंजूरी दिलाने के लिए कैबिनेट की मीटिंग में पहुंचेंगी।
बजट के दिन, हर साल की तरह, निर्मला सीतारमण का फैशन स्टेटमेंट भी चर्चा का विषय बनता है। खासकर उनकी साड़ियां, जो पारंपरिक और हैंडलूम कपड़े से बनी होती हैं। निर्मला सीतारमण अपनी साड़ियों के माध्यम से भारतीय कारीगरी और सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देती हैं, और इस बार भी उन्होंने उसी परंपरा को निभाया है। यहां हम आपको बताएंगे कि वित्त मंत्री अब तक बजट के दौरान किन-किन साड़ियों में नजर आईं।
बजट 2025- बिहार की मधुबनी साड़ी में नजर आईं मंत्री सीतारमण
जैसा की ऊपर बताया, वित्त मंत्री को बजट से पहले क्रीम रंग की साड़ी में देखा गया है, जो उन्हें दुलारी देवी ने भेंट की थी। दुलारी देवी 2021 पद्म श्री पुरस्कार विजेता हैं। 55 वर्षीय दुलारी देवी बिहार के मधुबनी जिले के रांटी गांव की रहने वाली है। वित्त मंत्री की दुलारी देवी से मुलाकात मधुबनी के मिथिला आर्ट इंस्टीट्यूट में हुए क्रेडिट आउटरीच गतिविधि के दौरान हुई थी। इस मौके पर दुलारी देवी ने फाइनेंस मिनिस्टर को बिहार की खास मधुबनी आर्ट से प्रेरित साड़ी दी थी और इसे बजट के दिन पहनने का आग्रह किया था।
बजट 2024- आंध्र प्रदेश की सफेद मंगलागिरी साड़ी
वित्त मंत्री को साल 2024 के बजट के दौरान मैजेंटा बॉर्डर वाली सफेद सिल्क मंगलगिरी साड़ी पहनी थी। यह मंगलगिरी साड़ियाँ आंध्र प्रदेश की खासियत हैं। इस साड़ी के माध्यम से वित्त मंत्री ने आंध्र प्रदेश के हथकरघा उद्योग को प्रमोट किया था।
अंतरिम बजट 2024- पश्चिम बंगाल की नीली कांथा सिलाई साड़ी
साल 2024 के अंतरिम बजट के दौरान मंत्री सीतारमण को नीले रंग की साड़ी में देखा गया था। यह साड़ी पश्चिम बंगाल की कंथा सिलाई से प्रेरित थी, जिसमें हल्का फूलों के प्रिंट का डिजाइन था। इस साड़ी को एफएम ने बंगाली शिल्पकारों के कौशल को प्रदर्शित करने के लिए पहना था।
बजट 2023- सुर्ख लाल रेशम और गोल्डन बॉर्डर
साल 2023 के बजट के समय एफएम ने सुर्ख लाल रंग की सिल्क साड़ी को पहना था। इस साड़ी में ब्लैक और गोल्ड रंग का बॉर्डर था, जिसमें रथ मोर, कमल के डिजाइन बने हुए थे। इस साड़ी का प्रिंट वास्तुकला की विरासत का प्रतीक है।
बजट 2022 - ओडिशा की भूरी बोमकाई साड़ी
एफएम निर्मला सीतारमण ने बजट 2022 के अवसर पर ऑफ-व्हाइट वाली रस्टी-ब्राउन कलर की बोमकई साड़ी को पेयर किया था। इस साड़ी को एफएम ने ओडिशा के गंजम जिले के बोमकाई गांव के आर्ट के प्रति अपनी प्रशंसा को उजागर करने के लिए पहना था।
बजट 2021- तेलंगाना की लाल पोचमपल्ली इक्कत साड़ी
एफएम सीतारमण ने साल 2021 में तेलंगाना की लाल और ऑफ-व्हाइट पोचमपल्ली साड़ी को पहना था। इस साड़ी में हरे बॉर्डर के साथ इकत पैटर्न था, जिसकी बुनाई हाथों से की जाती है। बता दें, पोचमपल्ली इकत तेलंगाना के भूदान पोचमपल्ली क्षेत्र की एक पारंपरिक बुनाई शिल्पकला है। इस साड़ी साल 2021 में एफएम ने पहनकर दक्षिण भारतीय हस्तशिल्प को सम्मानित किया।
बजट 2020: पीली रेशमी साड़ी
साल 2020 के बजट में निर्मला सीतारमण ने पीली रेशमी साड़ी पहनी थी, जिसमें हरे रंग का पतला बॉर्डर था। पीला और हरा रंग भारतीय संस्कृति में शुभ और प्रकृति से जुड़ा माना जाता है। इस साड़ी के जरिए एफएम ने देश के उज्जवल भविष्य और प्राकृतिक धरोहर को प्रतिरूप किया।
बजट 2019: आंध्रा की गुलाबी मंगलगिरी साड़ी
एफएम निर्मला सीतारमण ने साल 2019 में अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश किया था। उन्होंने अपने पहले बजट की प्रस्तुति के समय हल्के गुलाबी रंग की साड़ी पहनी थीं। यह आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले की साड़ी है, जो आंध्र प्रदेश के मंगलगिरी क्षेत्र की विशेषता हैं।