नए साल में कार बाजार की तेज शुरुआत: मारुति ने जनवरी में 174529 कारें बेचीं, टाटा-महिंद्रा और हुंडई कहां?

Car Sales in January 2026
Car Sales in January 2026: कैलेंडर ईयर 2026 की शुरुआत भारतीय पैसेंजर व्हीकल बाजार के लिए दमदार रही। जनवरी महीने में एसयूवी की मजबूत मांग के चलते देश के बड़े कार निर्माताओं ने अच्छी बिक्री दर्ज की। इंडस्ट्री डेटा के मुताबिक, जनवरी 2026 में घरेलू पैसेंजर व्हीकल बिक्री करीब 4.50-4.55 लाख यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 12.6% ज्यादा है।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने जनवरी में अब तक की सबसे ज्यादा घरेलू बिक्री दर्ज की। कंपनी की पैसेंजेर व्हीकल की कुल बिक्री 174529 यूनिट रही, जो जनवरी 2025 के मुकाबले मामूली लेकिन सकारात्मक 0.54% की बढ़त दिखाती है। मारुति के मार्केटिंग और सेल्स हेड पार्थो बनर्जी ने कहा कि बाजार में डिमांड बनी हुई है और बुकिंग में साल-दर-साल 25% की बढ़ोतरी देखी जा रही। हालांकि, उत्पादन क्षमता एक चुनौती बनी हुई है, जिसके चलते कंपनी रविवार और छुट्टियों में भी काम कर रही है। फिलहाल मारुति के पास करीब 1.75 लाख पेंडिंग बुकिंग हैं।
जनवरी में मारुति के छह मॉडल टॉप-10 बेस्ट सेलिंग कारों में शामिल रहे, जिनमें डिज़ायर, अर्टिगा, स्विफ्ट, ब्रेज़ा, बलेनो और विक्टोरिस शामिल हैं।
| कार कंपनी | जनवरी 2026 | जनवरी 2025 | ग्रोथ |
| मारुती सुजूकी | 174529 यूनिट | 173599 यूनिट | 0.54% |
| टाटा | 70222 यूनिट | 48076 यूनिट | 46.1% |
| महिंद्रा | 63510 यूनिट | 50659 यूनिट | 25.3% |
| हुंडई | 59107 यूनिट | 54003 यूनिट | 9.5% |
| टोयोटा | 30630 यूनिट | 26178 यूनिट | 17% |
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने जनवरी 2026 में सबसे तेज ग्रोथ दिखाई। कंपनी की घरेलू बिक्री 70222 यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 46.1% ज्यादा है। टाटा की इस सफलता के पीछे नेक्सॉन (23365 यूनिट) और पंच (19257 यूनिट) का बड़ा योगदान रहा। खास बात यह रही कि नेक्सॉन ने 10 लाख यूनिट और पंच ने 7 लाख यूनिट की कुल बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी की बिक्री 63510 यूनिट रही, जो 25.37% की बढ़त को दिखाती है। स्कॉर्पियो और बोलेरो एसयूवी महिंद्रा के सबसे बड़े वॉल्यूम ड्राइवर रहे। कंपनी ने जनवरी में XUV 7XO और XEV 9S के लिए सिर्फ चार घंटे में 93689 बुकिंग दर्ज कीं।
हुंडई मोटर इंडिया ने जनवरी में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मासिक घरेलू बिक्री दर्ज की। कंपनी ने 59107 यूनिट, जो 9.5% की बढ़त है। हालांकि, इसके बावजूद हुंडई बिक्री के मामले में टाटा और महिंद्रा से पीछे रही। क्रेटा और वेन्यू एसयूवी ने कंपनी को मजबूती दी।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की बिक्री भी 17% बढ़कर 30630 यूनिट रही। कंपनी ने जनवरी में अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी अर्बन क्रूजर इबेला लॉन्च कर भविष्य की मोबिलिटी पर फोकस दिखाया।
(प्रियंका कुमारी)
