health insurance: फैमिली फ्लोटर हेल्थ पॉलिसी हर बार फायेदमंद नहीं, जानिए कब सही है और कब नहीं

family floater health insurance policy
X

फैमिली फ्लोटर हेल्थ पॉलिसी कब सही और कब नहीं। 

Family floater health insurance: फैमिली फ्लोटर पॉलिसी एक प्लान में पूरी फैमिली को कवर करती है। युवा परिवारों के लिए सस्ती पड़ती है लेकिन उम्रदराज़ माता-पिता जोड़ने पर प्रीमियम बढ़ जाता है।

Family floater health insurance: आजकल फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस को एक स्मार्ट प्लान के तौर पर बेचा जा रहा है और एक ऐसी पॉलिसी जिसमें पूरे परिवार को एक साथ कवर किया जा सकता। मतलब हर सदस्य के लिए अलग-अलग पॉलिसी लेने की जगह, पूरा परिवार एक ही रकम के बीमा कवर को शेयर करता है।

उदाहरण के लिए, अगर आपके पास 10 लाख का फ्लोटर प्लान है, तो वह दो व्यस्क और 2 बच्चों को एक साथ कवर करेगा। पहली नज़र में यह प्लान सस्ता लगता है क्योंकि चार अलग-अलग 10 लाख की पॉलिसी लेने से इसका प्रीमियम कम पड़ता है।

क्यों होती है फैमिली फ्लोटर हेल्थ पॉलिसी सस्ती?

दरअसल, इंश्योरेंस कंपनियां जानती हैं कि एक ही परिवार के सभी सदस्य एक साथ बीमार नहीं पड़ते। इसी लॉजिक पर वो पूरे परिवार को एक ही पूल से कवर करने की अनुमति देती हैं। इससे रिस्क बंट जाता है और प्रीमियम कम हो जाता है। खासकर अगर परिवार युवा है और सेहत ठीक है, तो सालाना हजारों रुपये की बचत हो सकती है।

अगर परिवार के किसी एक सदस्य का इलाज 8 लाख का हो गया, तो बाकी साल के लिए सिर्फ 2 लाख ही बचेंगे। यानी बाकी परिवार को उसी साल दोबारा बड़ी बीमारी होने पर दिक्कत हो सकती है। जबकि इंडिविजुअल पॉलिसी में हर व्यक्ति को अपना पूरा कवरेज मिलता है। प्रीमियम उम्र के हिसाब से तय होता है। अगर आपने पॉलिसी में अपने माता-पिता को भी शामिल कर लिया, तो प्रीमियम अचानक बढ़ जाएगा। मतलब सस्ता इंश्योरेंस वाला फायदा खत्म हो सकता है।

कब लेना चाहिए फैमिली फ्लोटर?

यह पॉलिसी न्यूक्लियर फैमिली यानी पति-पत्नी और बच्चों के लिए बेहतर है। अगर सभी की उम्र 40 से कम है, तो 15-20 लाख का फ्लोटर प्लान एक किफायती और सुरक्षित विकल्प हो सकता है।

कब बेहतर हैं इंडिविजुअल पॉलिसी?

अगर परिवार में बुजुर्ग या पहले से बीमार सदस्य हैं, तो अलग-अलग पॉलिसी लेना ज्यादा सुरक्षित रहेगा। इससे एक व्यक्ति का बड़ा क्लेम बाकी लोगों के कवर को प्रभावित नहीं करेगा। समझदारी भरा तरीका है कि पैरेंट्स के लिए अलग पॉलिसी और माता-पिता के साथ बच्चों के लिए फ्लोटर।

फैमिली फ्लोटर हेल्थ पॉलिसी से जुड़े कुछ सवाल, जिनका जवाब जानना आपके लिए जरूरी

सवाल:क्या फैमिली फ्लोटर पॉलिसी हमेशा सस्ती होती हैं?

हमेशा नहीं। युवा परिवारों के लिए प्रीमियम के लिहाज से ये सस्ती होती हैं लेकिन जब आप बुजुर्ग माता-पिता को इसमें शामिल करते हैं, तो प्रीमियम में तेज़ी से वृद्धि होती है।

सवाल: क्या मैं अपना कवरेज फ्लोटर और व्यक्तिगत योजनाओं के बीच बांट सकता हूं?

जवाब: हां। कई परिवार दंपत्ति और बच्चों के लिए एक फ्लोटर और माता-पिता के लिए अलग पॉलिसी रखते हैं।

सवाल: फ्लोटर के लिए सबसे सुरक्षित बीमा राशि क्या है?

जवाब: महानगरों में, बढ़ते चिकित्सा खर्च को ध्यान में रखते हुए कम से कम ₹15-20 लाख का बीमा कवर लेना उचित है, खासकर अगर तीन से ज़्यादा लोग कवर किए गए हों।

(प्रियंका कुमारी)

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story