fourth Largest Economy: भारत कब बनेगा दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, नीति आयोग के सदस्य ने किया खुलासा, CEO के दावों पर सवाल

भारत कब बनेगा दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, नीति आयोग के सदस्य डॉ. अरविंद विरमानी ने किया खुलासा।
India Fourth Largest Economy : भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दहलीज पर खड़ा है। नीति आयोग और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के हालिया अनुमानों के अनुसार, भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, इस दावे को लेकर अंदरूनी मतभेद भी देखने को मिल रहे हैं।
क्या कहते हैं नीति आयोग के सदस्य?
नीति आयोग के सदस्य डॉ. अरविंद विरमानी ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की ओर अग्रसर है। मुझे व्यक्तिगत रूप से भरोसा है कि 2025 के अंत तक भारत चौथी बड़ी इकोनॉमी बन जाएगा। हालांकि, इसके लिए हमें पूरे 12 महीनों का डेटा देखना होगा।
विरमानी के अनुसार, अर्थव्यवस्था के आकार की बात आमतौर पर अमेरिकी डॉलर की वर्तमान कीमत पर आधारित होती है। तुलनाएं वार्षिक GDP के आधार पर की जाती हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सटीक आंकड़े जनवरी या फरवरी 2026 में सामने आएंगे, जिससे पुष्टि होगी कि भारत वास्तव में जापान को पीछे छोड़ चुका है या नहीं।
नीति आयोग के CEO का दावा
नीति आयोग के CEO बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस संबंध में बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत आज जापान से बड़ा (4 ट्रिलियन डॉलर) है। सुब्रह्मण्यम ने आगे कहा, भारत यदि अपनी योजना पर टिका रहा तो अगले 2.5-3 वर्षों में वह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
दुनिया के 5 बड़े इकोनॉमी वाले देश
देश | अर्थव्यवस्था |
अमेरिका | 30.50 ट्रिलियन डालर |
चीन | 19.23 ट्रिलियन डालर |
जर्मनी | 4.74 ट्रिलियन डालर |
भारत | 4.187 ट्रिलियन डालर |
जापान | 4.186 ट्रिलियन डालर |
IMF और वैश्विक अनुमानों का समर्थन
IMF ने भी अप्रैल 2025 में जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक में दावा किया था कि भारत की GDP 2025 में 4.19 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगी। जबकि, जापान भारत से पिछड़ जाएगा। IMF ने भारत की वार्षिक विकास दर 6.5% रहने की उम्मीद जताई है। जबकि जापान की सिर्फ विकास दर 0.3% रहने का अनुमान है।
अर्थव्यवस्था के मामले में जापान क्यों पिछड़ रहा है?
- जापान की अर्थव्यवस्था कई जटिल समस्याओं से जूझ रही है
- कम विकास दर: जापान की GDP वृद्धि वर्षों से बेहद धीमी है।
- जनसांख्यिकीय संकट: वृद्ध होती आबादी और घटती जन्म दर ने कार्यबल को प्रभावित किया है।
- वैश्विक व्यापार तनाव: टैरिफ और भूराजनीतिक संघर्षों से निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था को नुकसान हुआ है।
- स्थिरता की कमी: लंबे समय से जापान स्थिर विकास हासिल नहीं कर पाया है।
भारत के चौथे स्थान पर पहुंचने से क्या बदलेगा?
भारत का दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना वैश्विक स्तर पर कई बड़े बदलावों की भूमिका तैयार करेगा। अंतरराष्ट्रीय मंचों (G20, IMF, WTO आदि) पर भारत का प्रभाव बढ़ेगा। FDI में बढ़ोतरी होगी और भारत निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। भारत-जापान सहयोग का नया स्वरूप उभरेगा। भारत आर्थिक महाशक्ति की भूमिका में सामने आएगा।
भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है?
IMF और अन्य अनुमानों के अनुसार, भारत की मौजूदा आर्थिक प्रगति जारी रही तो 2028 तक यह जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। भारत की GDP 2027 तक $5 ट्रिलियन और 2028 तक $5.58 ट्रिलियन GDP अनुमानित है। ऐसा हुआ तो अमेरिका ($30.5T) और चीन ($19.2T) ही भारत से आगे होंगे।