Plane Crashes: एक यात्री विमान की उम्र कितनी होती है? ऐसे चेक करें और खतरों से बचें

यात्री विमान की उम्र ऐसे करें चेक।
How to Check airplane age: अगर आप हवाई यात्रा करते हैं या किसी फ्लाइट में टिकट बुक करने जा रहे हैं, तो एक जरूरी सवाल हर किसी के मन में उठता है कि आखिर इस विमान की उम्र कितनी है? क्योंकि विमान की उम्र सीधे तौर पर उसकी सुरक्षा, टेक्निकल स्थिति और यात्रियों के जीवन से जुड़ी होती है।
उदाहरण के लिए, Air India की एक बोइंग 777 फ्लाइट जो अमेरिका जाती है, वह लगभग 15 साल पुरानी है। वहीं IndiGo के बेड़े में कुछ Airbus A320 विमान 10 साल पुराने भी हैं। लेकिन सवाल यह है कि - क्या पुराने विमान असुरक्षित होते हैं? और सबसे जरूरी - फ्लाइट की उम्र आप खुद कैसे चेक करें? तो आइए आपको हम यहां इसके बारे में पूरी डिटेल्स देते हैं।
विमान की औसतन उम्र क्या होती है?
एक सामान्य यात्री विमान की आर्थिक और तकनीकी उम्र औसतन 20 से 30 साल मानी जाती है। हालांकि, विमान कंपनियां समय-समय पर रखरखाव, पार्ट्स बदलना और सर्टिफिकेशन के जरिए इसे लंबे समय तक उड़ाने लायक बनाए रखती हैं।
क्या हर पुराना विमान खतरनाक होता है?
अगर वह सही समय पर मेंटेन किया गया है और DGCA (भारत की विमानन प्राधिकरण) से सर्टिफाइड है, तो वह सुरक्षित होता है। लेकिन नई तकनीक, कम फ्लाइट साइकल और कम उम्र वाले विमान आम तौर पर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक माने जाते हैं।
पुराने विमानों से क्या खतरे हो सकते हैं?
- फ्रेम और बॉडी स्ट्रेस: बार-बार टेकऑफ और लैंडिंग से धातु थक जाती है।
- इंजन क्षमता में गिरावट
- सेंसर्स या ऑटोमेशन में गड़बड़ी
- कैबिन में प्रेशर लीकेज जैसी संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
कैसे चेक करें विमान की उम्र?
आप किसी भी विमान की उम्र जानने के लिए ये स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं:
- सबसे पहले फ्लाइट नंबर ढूंढें: टिकट या बोर्डिंग पास पर लिखा होता है जैसे: AI-303, 6E-7152 आदि।
- इसके बाद Flightradar24 की वेबसाइट या ऐप खोलें।
- सर्च बॉक्स में फ्लाइट नंबर टाइप करें और Enter दबाएं।
- लिस्ट में दिखने पर अपनी फ्लाइट सेलेक्ट करें।
- अब आपको Aircraft की Details स्क्रीन पर दिखाई दे देगा।
Aircraft Details सेक्शन में देखें:
- Aircraft Type (जैसे Airbus A320)
- Manufacturing Date (कब बना)
- Age (कितने साल पुराना)
- Previous Operators (किस-किस airline ने चलाया)
अहमदाबाद और एयर इंडिया क्रैश से सबक
12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन जाते समय टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद ही क्रैश हो गई। इस फ्लाइट में 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई, और जमीन पर भी 39 लोग मारे गए। यह अब तक की सबसे भीषण भारतीय विमान दुर्घटनाओं में से एक बन गई।
जानकारों के अनुसार, एयर इंडिया का यह Dreamliner विमान करीब 11.5 साल पुराना था और उसने 41,000 घंटे से ज्यादा उड़ान भर ली थी। साथ ही इसने 8,000 से ज्यादा उड़ान साइकल (एक टेकऑफ और एक लैंडिंग को मिलाकर) पूरे कर लिए थे। इतनी बार इस्तेमाल होने के बाद किसी भी विमान में संरचनात्मक थकान, इंजन फेलियर या तकनीकी खराबी की संभावना बढ़ जाती है।
यात्री के लिए सुझाव
लंबी दूरी की फ्लाइट के लिए विमान की उम्र जरूर जांचें। खासकर बच्चे या बुजुर्ग साथ हों तो नए विमान चुनें। इसके साथ ही Skytrax या Flightradar24 से एयरलाइन रेटिंग भी चेक करें।