Credit Card Tips: 1, 2 या 3… कितने क्रेडिट कार्ड रखना समझदारी? जान लें फायदे और नुकसान

how many credit cards should you have
Credit Card Tips: आज के दौर में एक क्रेडिट कार्ड रखने के बाद दूसरा कार्ड लेने का लालच लगभग हर किसी को होता है। कहीं बेहतर कैशबैक का ऑफर, कहीं एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा तो कभी बैंक का प्री-अप्रूव्ड कॉल, ये सब लोगों को कई कार्ड रखने के लिए प्रेरित करते। लेकिन सवाल यह है कि कितने क्रेडिट कार्ड रखना सही है? विशेषज्ञों का कहना है कि इसका जवाब आपकी वित्तीय अनुशासन पर निर्भर करता।
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखने के कई फायदे हैं। अलग-अलग कार्ड अलग खर्च पर बेहतर रिवॉर्ड देते हैं। जैसे एक कार्ड ग्रॉसरी और फ्यूल पर ज्यादा कैशबैक देता, दूसरा ट्रैवल बुकिंग पर फायदा देता और प्रीमियम कार्ड एयरपोर्ट लाउंज, होटल डिस्काउंट या रिवॉर्ड पॉइंट्स देते हैं। सही रणनीति से इस्तेमाल करने पर कुल लाभ बढ़ सकता।
कितने क्रेडिट कार्ड रखना सही?
क्रेडिट स्कोर के लिहाज से भी कई कार्ड मददगार हो सकते। ज्यादा कार्ड होने से कुल क्रेडिट लिमिट बढ़ती और अगर खर्च लिमिट के मुकाबले कम रखा जाए तो क्रेडिट यूटिलाइजेशन कम रहता है, जिससे स्कोर बेहतर होता। उदाहरण के तौर पर, 1 लाख लिमिट वाले एक कार्ड पर 50 हजार खर्च करना 50% उपयोग है जबकि 5 लाख कुल लिमिट पर वही खर्च सिर्फ 10% माना जाएगा।
इसके अलावा, एक कार्ड ब्लॉक हो जाए तो दूसरा बैकअप के रूप में काम आता। हालांकि जोखिम भी कम नहीं हैं। कई कार्ड होने से जरूरत से ज्यादा खर्च करना आसान हो जाता है, खासकर जब अलग-अलग बिलिंग डेट हों।
प्रीमियम कार्ड की फीस बोझ बन सकती
प्रीमियम कार्ड की सालाना फीस भी अतिरिक्त बोझ बन सकती। सबसे बड़ा खतरा है पेमेंट मिस करना, क्योंकि एक भी लेट पेमेंट क्रेडिट रिपोर्ट को लंबे समय तक प्रभावित कर सकता है। कई कार्ड पर ईएमआई चलने से नकदी प्रवाह भी दबाव में आ सकता है।
वित्तीय विशेषज्ञ आमतौर पर सलाह देते हैं कि ज्यादातर सैलरीड लोगों के लिए 1 से 3 क्रेडिट कार्ड पर्याप्त होते। अगर आप समय पर पूरा बिल भरते हैं और खर्च ट्रैक करते हैं तो दो या तीन कार्ड ठीक हैं- एक मुख्य कार्ड, एक बैकअप या कैटेगरी कार्ड और जरूरत हो तो एक ट्रैवल कार्ड। लेकिन अगर बजट संभालना मुश्किल लगता है तो एक कार्ड भी जोखिम भरा हो सकता है। आखिर में, क्रेडिट कार्ड सिर्फ एक टूल है। असली सवाल कार्ड की संख्या नहीं, बल्कि आपकी वित्तीय अनुशासन है।
(प्रियंका कुमारी)
