Gold Silver Rate Today: वेडिंग सीजन में फिर महंगे हुए सोना-चांदी, जानिए देश में कहां क्या है ताजा रेट

(एपी सिंह ) नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में आज बुधवार 26 नवंबर को एक बार फिर तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। खासकर सोने में 1,900 रुपए प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की छलांग आने के बाद बाजार में हलचल बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से सोना-चांदी की कीमतें लगातार ऊपर-नीचे हो रही हैं, जिसकी बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अस्थिरता मानी जा रही है। शादी का मौसम शुरू होते ही सोने के दाम बढ़ना आम लोगों के लिए चुनौती बना हुआ है, जबकि निवेशकों के लिए यह तेजी फायदा पहुंचा रही है। अमेरिका में दिसंबर में होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक को लेकर पूरे बाजार की नजरें टिकी हुई हैं। अनुमान लगाया जा रहा था कि ब्याज दरों में कटौती की जा सकती है, लेकिन फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिलहाल रेट कट की संभावना बहुत कम है।
इस अनिश्चित माहौल का सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही अमेरिकी सरकार से जुड़े आर्थिक सवाल भी कीमती धातुओं की कीमतों को प्रभावित कर रहे हैं। भारत में आज सोने के सभी कैरट्स में तेज उछाल देखने को मिली है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 127200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। जबकि कल यानी मंगलवार को यह 1,25,120 रुपए था। 22 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 1,16,460 रुपए और 18 कैरेट का रेट 95,290 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। चांदी की कीमत भी आज तेजी से उछली और राष्ट्रीय स्तर पर यह 1,67,100 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई। चेन्नई में तो चांदी का भाव 1,74,100 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया।
अगर शहरों के हिसाब से देखें तो दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,27,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जबकि 22 कैरेट का रेट 1,16,660 रुपए पर पहुंच गया। मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,27,050 रुपए पर बिक रहा है। यहां 22 कैरेट का भाव 1,16,460 रुपए और 18 कैरेट का रेट 95,290 रुपए प्रति 10 ग्राम है। भोपाल में 24 कैरेट सोने का मूल्य 127100 रुपए और 22 कैरट के 116510 रुपए प्रति दस ग्राम है। जबकि, लखनऊ में 24 कैरेट सोने का मूल्य 127200 रुपए और 22 कैरट का मूल्य 22 कैरेट प्रति दस ग्राम है। हैदराबाद में 24 कैरेट का रेट मुंबई के समान 1,27,050 रुपए है। चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,27,870 रुपए और 22 कैरेट 1,17,210 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। कुल मिलाकर, शादी के सीजन में सोना-चांदी की बढ़ती कीमतें खरीदारों के लिए परेशानी और निवेशकों के लिए मौका लेकर आई हैं। कीमतों में यह उतार-चढ़ाव आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है।
