Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में आई बड़ी गिरावट, चांदी ₹25,000 सस्ती, सोना भी फिसला ₹1800

बीते कुछ दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अमेरिका-भारत ट्रेड डील के बाद जहां 3 और 4 फरवरी को सर्राफा बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई थी, वहीं आज गुरुवार (5 फरवरी) को बाजार की चाल पूरी तरह बदल गई। आज सोना-चांदी दोनों ही धातुओं में तेज गिरावट देखने को मिली है।
सर्राफा बाजार से मिली जानकारी के अनुसार, चांदी की कीमतों में एक झटके में करीब ₹25,000 प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं सोना भी प्रति 10 ग्राम लगभग ₹1,800 सस्ता हो गया है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों की नजरें बाजार पर टिकी हुई हैं।
बीते दिन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे थे भाव
गौरतलब है कि इससे पहले 4 फरवरी को सर्राफा बाजार में जोरदार उछाल देखा गया था। चांदी की कीमत ₹14,300 की तेजी के साथ ₹2,98,300 प्रति किलो पहुंच गई थी। इससे पहले चांदी ₹2,84,000 प्रति किलो पर बंद हुई थी।
वहीं 99.9% शुद्धता वाला सोना ₹7,400 उछलकर ₹1,65,100 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। एक दिन पहले सोने का बंद भाव ₹1,57,700 प्रति 10 ग्राम रहा था। यह तेजी टैक्स सहित कीमतों में दर्ज की गई थी।
क्यों आई आज कीमतों में गिरावट?
सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, हालिया तेज उछाल के बाद मुनाफावसूली, अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले मिश्रित संकेत, डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड यील्ड में उतार-चढ़ाव जैसे कारणों से आज सोने-चांदी की कीमतों में दबाव देखने को मिला है।
