Gold-Silver Price Today: सोना फिर हुआ महंगा, 1 किलो चांदी की कीमत ₹1.87 लाख के पार; जानें ताजा भाव

चांदी ने 11 दिसंबर को बनाया रिकॉर्ड, 1 किलो की कीमत ₹1.87 लाख के पार; जानें ताजा भाव
Gold–Silver Price Today (11 December 2025): गुरुवार को चांदी और सोने की कीमतों में जोरदार उछाल देखा गया है। आज (11 दिसंबर 2025) चांदी लंबी छलांग के साथ ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, आज चांदी 1,500 रुपए की बढ़त के साथ 1,86,988 रुपए प्रति किलोग्राम के लेवल पर बिक रही है। जबकि एक दिन पहले इसकी कीमत 1,85,488 रुपए प्रति किलो थी। इस साल चांदी की कीमत अब तक 1,00,971 रुपए यानी 117% बढ़ चुकी है।
वहीं, आज सोने की कीमतों में भी बढ़त दर्ज की गई है। गुरुवार को सोने की कीमत में 747 रुपए की तेजी आई है। अब 24 कैरेट सोने का भाव 1,28,535 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। बता दें, इससे पहले 17 अक्टूबर को सोने ने 1,30,874 रुपए प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था।
इसके अलावा, आज देशभर में 22 कैरेट गोल्ड 1,17,738 रुपए प्रति 10 ग्राम के लेवल पर बिक रहा है। वहीं 18 कैरेट 96,401 प्रति 10 ग्राम और 14 कैरेट 75,193 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
देश के बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव (₹/10 ग्राम)
शहर | कीमत (₹) |
| दिल्ली | 1,30,350 |
| जयपुर | 1,30,350 |
| कोलकाता | 1,30,200 |
| चेन्नई | 1,31,460 |
| मुबंई | 1,30,200 |
| अहमदाबाद | 1,30,250 |
| पटना | 1,30,250 |
| भोपाल | 1,30,250 |
| रायपुर | 1,30,200 |
पिछले 10 दिनों में चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव
पिछले 10 दिनों में चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 2 दिसंबर को चांदी का रेट ₹1,74,650 था, जो 3 दिसंबर को बढ़कर ₹1,78,684 पहुंच गया। इसके बाद 4 दिसंबर को कीमत थोड़ी कम होकर ₹1,76,625 रही। 5 दिसंबर को पुनः बढ़त दर्ज की गई और रेट ₹1,79,025 पर पहुंच गया। 6 और 7 दिसंबर को साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण बाजार बंद रहा।
छुट्टी के बाद 8 दिसंबर को भाव ₹1,79,088 रहा, जबकि 9 दिसंबर को इसमें मामूली गिरावट आकर रेट ₹1,78,893 हो गया। इसके बाद 10 दिसंबर को चांदी की कीमत में तेज उछाल आया और रेट ₹1,85,488 तक पहुंच गया। 11 दिसंबर को भी यह बढ़त जारी रही और चाँदी का भाव ₹1,86,988 रिकॉर्ड किया गया। ध्यान रहे कि ये कीमतें प्रति किलोग्राम चाँदी के अनुसार हैं।
2 लाख के पार जा सकते है चांदी के भाव?
चांदी बाजार विशेषज्ञ अजय केडिया के अनुसार, वर्तमान जियो-पॉलिटिकल तनाव और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के चलते सोना और चांदी दोनों की मांग बढ़ रही है। उन्होंने अनुमान लगाया है कि इस साल सोने की कीमत 1,35,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है, जबकि चांदी की कीमत 2 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के पार पहुँच सकती है।
क्यों बढ़ रहे चांदी के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार, चांदी की कीमतों में हाल ही में तेजी के तीन मुख्य कारण हैं:
1. बढ़ती औद्योगिक मांग
सिंगापुर मैनेजमेंट यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ कोस्मास मरिनाकिस का कहना है कि चांदी अब सिर्फ निवेश का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह कई उद्योगों के लिए अनिवार्य कच्चा माल बन गई है। मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को इसकी अधिक जरूरत है, जिससे मांग लगातार बढ़ रही है और कीमतों में तेजी बनी हुई है।
2. अमेरिका में संभावित टैरिफ का असर
चांदी के दाम में उछाल का एक और कारण अमेरिका में ट्रेड नीतियों के तहत संभावित टैरिफ का डर है। इस डर के चलते अमेरिकी कंपनियां चांदी का स्टॉक बढ़ा रही हैं, जिससे वैश्विक आपूर्ति में कमी आ रही है और अन्य देशों में कीमतें बढ़ रही हैं।
3. वैश्विक सप्लाई सुनिश्चित करने की होड़
दुनियाभर के मैन्युफैक्चरर अपनी उत्पादन क्षमता बनाए रखने के लिए चांदी की सप्लाई सुनिश्चित करने में लगे हैं। इस कारण ग्लोबल मार्केट में कीमतें ऊपर की ओर बढ़ रही हैं और आने वाले महीनों में यह रुझान जारी रहने की संभावना है।
