Free Aadhaar Updation: आधार कार्ड में फ्री में नाम-पता बदलने की डेडलाइन बढ़ी! जानिए कब तक उठा सकते हैं फायदा

Aadhaar Updation Guidelines
X
आधार अपडेटशन फ्री में कराने की समयसीमा एक बार फिर बढ़ गई है।
Free Aadhaar Updation: आधार कार्ड में समय-समय पर अपडेशन कराना जरूरी होता है। सरकार ने एक बार फिर फ्री में नाम, पता बदलने की डेडलाइन को बढ़ा दिया है।

Free Aadhaar Updation:आधार कार्ड भारत के नागरिकों की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। समय-समय पर आधार में अपनी जानकारी को अपडेट रखना जरूरी होता है ताकि सरकारी सुविधाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिल सके। इसी क्रम में, यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने एक बड़ी घोषणा करते हुए फ्री में आधार अपडेट करने की डेडलाइन को 14 जून 2026 तक बढ़ा दिया है। इससे पहले यह डेडलाइन 14 जून 2025 थी। इसका मतलब है कि अब एक साल और आप अपने आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग जैसी जानकारी बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं।

यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी जिनका आधार कार्ड दस साल या उससे ज्यादा पुराना है और जिन्होंने अब तक अपनी जानकारी अपडेट नहीं करवाई है। UIDAI ने बताया है कि यह फ्री सेवा केवल आधिकारिक पोर्टल myAadhaar पर उपलब्ध है, जहां आप ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड करके आसानी से अपना डेमोग्राफिक डेटा अपडेट कर सकते हैं।

आधार अपडेट करने की डेडलाइन पांचवीं बार बढ़ाई गई

UIDAI ने फ्री आधार अपडेट करने की डेडलाइन अब तक कुल पांच बार बढ़ाई है। शुरुआत में यह डेडलाइन 14 जून 2024 थी, जिसे बाद में 14 दिसंबर 2024 तक, फिर 14 जून 2025 तक और अब 14 जून 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इस बार डेडलाइन को पूरे एक साल के लिए बढ़ाया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग अपने आधार की जानकारी अपडेट करा सकें।

ऑनलाइन आधार अपडेट के लिए जरूरी जानकारी

UIDAI की वेबसाइट के मुताबिक, फ्री में केवल डेमोग्राफिक डिटेल्स को ही अपडेट किया जा सकता है, जिनमें नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग शामिल हैं। इन जानकारियों को आप घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से myAadhaar पोर्टल पर जाकर आसानी से बदल सकते हैं।

ध्यान रखें कि बायोमेट्रिक डेटा (जैसे फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन) को आप ऑनलाइन अपडेट नहीं कर सकते। इसके लिए आपको नजदीकी आधार नामांकन या सेवा केंद्र पर जाकर व्यक्तिगत तौर पर अप्लाई करना होगा।

आधार सेंटर पर फीस लागू होगी

अगर आप ऑनलाइन अपडेट नहीं कर सकते या किसी वजह से सहायता चाहते हैं, तो नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर भी आधार अपडेट करवा सकते हैं। हालांकि, यहां डेमोग्राफिक और बायोमेट्रिक दोनों तरह की जानकारी अपडेट करने के लिए 50 रुपए फीस देनी होगी।

मोबाइल नंबर अपडेट करना जरूरी

ऑनलाइन आधार अपडेट के लिए आपका मोबाइल नंबर आधार में पहले से दर्ज होना चाहिए। यदि मोबाइल नंबर अपडेट करना हो तो यह केवल आधार सेवा केंद्र पर जाकर ही संभव है। मोबाइल नंबर अपडेट किए बिना आप ऑनलाइन आधार अपडेट नहीं कर पाएंगे।

अपडेट की स्थिति कैसे जांचें?

आधार अपडेट करने के बाद आपको एक सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) मिलेगा। इसकी मदद से आप यह पता लगा सकते हैं कि आपकी जानकारी कब तक अपडेट हो जाएगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story