Adani Group Share: अडाणी ग्रुप के शेयरों में ताबड़तोड़ तेजी, जानें क्यों 14% तक उछले

Adani Group Share rally today: अडाणी ग्रुप के शेयरों में बुधवार को तूफानी तेजी रही।
Adani Group Share: अडाणी ग्रुप के शेयरों में बुधवार( 29 अक्टूबर) को तूफानी तेजी दिखी। कई कंपनियों के सितंबर तिमाही नतीजों के बाद ग्रुप के शेयरों में 14% तक का उछाल देखा गया। निवेशकों में यह जोश तब देखने को मिला जब हाल ही में कुछ विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स ने एलआईसी के निवेश को लेकर सवाल उठाए थे। हालांकि, एलआईसी ने इन रिपोर्ट्स को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा था कि उसके निवेश स्वतंत्र रूप से और बोर्ड-अनुमोदित नीति के तहत किए गए हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, एलआईसी के अलावा अडाणी ग्रुप में बड़े निवेश अमेरिकी और ग्लोबल इंश्योरेंस कंपनियों से आए हैं। जून 2025 में, एलआईसी द्वारा अडाणी पोर्ट्स में 5 हजार करोड़ निवेश के एक महीने बाद, अमेरिका की एथीन इंश्योरेंस ने 6,650 करोड़ का निवेश मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट में किया था। इस सौदे में अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट और कई अंतरराष्ट्रीय बीमा कंपनियां भी शामिल थीं।
इसके अलावा, अडाणी ग्रीन एनर्जी ने भी डीबीएस बैंक, डीज़ेड बैंक, राबोबैंक और बैंक सिनोपैक जैसे ग्लोबल लेंडर्स से $250 मिलियन (करीब 2100 करोड़) जुटाए। एसएंडपी ग्लोबल की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रुप ने इस साल की पहली छमाही में ही अपने अलग-अलग यूनिट्स के लिए 83 हजार करोड़ से अधिक के क्रेडिट फैसिलिटी एग्रीमेंट्स साइन किए।
सेबी की क्लीन चिट से राहत
सितंबर 2025 में सेबी ने अडाणी ग्रुप को स्टॉक मैनिपुलेशन के आरोपों से क्लीन चिट दी। जांच में पाया गया कि ग्रुप की कंपनियों के बीच हुए फंड ट्रांसफर किसी नियम का उल्लंघन नहीं करते। इससे निवेशकों का भरोसा ग्रुप में दोबारा मजबूत हुआ।
बड़े निवेश से ग्रुप की बढ़ी ताकत
अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड ने मंगलवार को वधावन पोर्ट प्रोजेक्ट में 53 हजार करोड़ निवेश की घोषणा की। इसमें से 26500 करोड़ ऑफशोर प्रोजेक्ट्स और 26500 करोड़ कंटेनर टर्मिनल के विकास के लिए होंगे। साथ ही, सोमवार को ग्रुप ने महाराष्ट्र के दिग्घी पोर्ट में 42 हजार 500 करोड़ के निवेश की भी घोषणा की। यह सौदा महाराष्ट्र सरकार के साथ हुए 15 नए निवेश समझौतों में शामिल है, जिनकी कुल वैल्यू 56,000 करोड़ से अधिक है।
अडाणी शेयरों का पूरा हाल
अडाणी ग्रीन एनर्जी: 11.48% चढ़कर 1119.50 पर
अडाणी टोटल गैस: 5.39% बढ़कर 654.50 पर
अडाणी पोर्ट्स: 1456 पर 2.66% ऊपर
अडाणी पावर: 164.06 पर 1% की बढ़त
अडाणी एंटरप्राइजेज: 2563.40 पर 2.77% ऊपर
(प्रियंका कुमारी)
