asia cup 2025: टीम विदेशी पर दिल है हिंदुस्तानी, ये 11 'भारतीय' सूर्यकुमार यादव के खिलाफ ही ठोकेंगे ताल

एशिया कप 2025 में भारतीय मूल के 11 खिलाड़ी भारत के खिलाफ ही उतरेंगे।
asia cup 2025: टीम इंडिया का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से एक महीने का ब्रेक इस महीने खत्म हो जाएगा। भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव की अगुआई में एशिया कप में हिस्सा लेगी। ग्रुप चरण में भारत का सामना पाकिस्तान, यूएई और ओमान से होगा। दिलचस्प बात यह है कि इस साल एशिया कप में यूएई और ओमान के लिए 11 भारतीय मूल के क्रिकेटर खेल रहे और वे इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के खिलाफ ही जीत के लिए दम लगाएंगे।
भारतीय टीम एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को दुबई में यूएई के खिलाफ करेगी, जिसमें हर्षित कौशिक, सिमरनजीत सिंह, ध्रुव पाराशर, अलीशान शराफू, आर्यांश शर्मा और राहुल चोपड़ा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ये सभी भारतीय मूल के क्रिकेटर हैं और भारत के खिलाफ ही ताल ठोकेंगे।
यूएई के इन खिलाड़ियों में, अलीशान शराफू अच्छी फॉर्म में हैं, जिन्होंने मौजूदा ट्राई सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ 51 गेंदों पर 68 रन बनाए थे। राहुल चोपड़ा एक और खिलाड़ी हैं जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जमाया था।
ओमान टीम में भारतीय मूल के 6 खिलाड़ी
भारत का आखिरी ग्रुप मैच 19 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में ओमान के खिलाफ होगा। दोनों टीमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार आमने-सामने होंगी और ओमान के 6 खिलाड़ी भारतीय मूल के हैं जो अपने जन्मस्थान के खिलाफ जीत हासिल करना चाहेंगे। विनायक शुक्ला, आर्यन बिष्ट, जतिंदर सिंह, आशीष ओडेदरा, करण सोनावाले, समय श्रीवास्तव एशिया कप के लिए ओमान टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं।
हांगकांग टीम में भी भारतीय मूल के 3 खिलाड़ी
हांगकांग भी एशिया कप में भाग ले रहा और उसे बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका के साथ ग्रुप बी में रखा गया। दिलचस्प बात यह है कि उनकी टीम के तीन खिलाड़ी-अंशुमान रथ, आयुष शुक्ला और किंचित शाह भी भारतीय मूल के हैं। यहां भारतीय मूल के क्रिकेटरों की सूची दी गई है जो एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ ही खेलेंगे
यूएई- हर्षित कौशिक, सिमरनजीत सिंह, ध्रुव पाराशर, अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा, राहुल चोपड़ा
ओमान-विनायक शुक्ला, आर्यन बिष्ट, जतिंदर सिंह, आशीष ओडेदरा, करण सोनावले, समय श्रीवास्तव
