Women Cricket New Record: स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा का ध्वस्त किया 28 साल पुराना रिकॉर्ड

smriti mandhana ने महिला विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक ठोका
Women Cricket New Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने वनडे फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने का गौरव हासिल किया। यह कारनामा मंधाना ने महिला विश्व कप 2025 के 13वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए किया। इस मैच में स्मृति मंधाना 80 रन बनाकर आउट हुईं।
साल 2025 में उन्होंने 18 वनडे मैचों में चार शतक लगाए, जिसमें आयरलैंड, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन शामिल है। विश्व कप में मंधाना ने इससे पहले के तीन मुकाबलों में 8, 23 और 23 रन की पारियां खेली थीं।
इस उपलब्धि के साथ मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1997 में 16 मैचों में 970 रन बनाए थे। इंग्लैंड की लौरा वोल्वार्ड्ट 2022 में 882 रनों के साथ तीसरे, न्यूजीलैंड की डेबोरा हॉकले 1997 में 880 रनों के साथ चौथे और एमी सैटरथवेट 2016 में 852 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
महिला विश्व कप 2025 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय टीम ने विश्व कप में अब तक तीन में से दो मैच जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है।
भारत ने श्रीलंका को 59 रन (डकवर्थ लुईस नियम) और पाकिस्तान को 88 रन से हराया, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे 3 विकेट से हार मिली। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 89 रन और पाकिस्तान को 107 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया। उनका श्रीलंका के खिलाफ मैच बेनतीजा रहा।
स्मृति मंधाना की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह भर दिया है। उनका शानदार फॉर्म भारतीय टीम के लिए विश्व कप में मजबूत स्थिति बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहा है।
