Upcoming SUV: टाटा की आने वाली 3 इलेक्ट्रिक कारें, जानें फीचर्स में क्या मिलेगा खास?

साल 2026 में टाटा की आने वाली 3 इलेक्ट्रिक कारें
Upcoming SUV: टाटा मोटर्स ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी आइकॉनिक SUV Tata Sierra को पेश किया है। इसी कड़ी में कंपनी ने साल 2030 तक अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की बड़ी योजना का खुलासा किया है। इस स्ट्रैटजी के तहत टाटा मोटर्स 2026 में Tata Sierra EV, अपडेटेड Tata Punch EV और प्रीमियम सेगमेंट की Tata Avinya को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। आइए जानते हैं टाटा की आने वाली इन इलेक्ट्रिक कारों में क्या कुछ खास देखने को मिलेगा।
1. Tata Sierra EV
टाटा मोटर्स पहले ही Sierra EV के प्रोडक्शन-रेडी वर्जन को टीज कर चुकी है। इसका डिजाइन इसके ICE वर्जन से काफी हद तक मिलता-जुलता है, हालांकि फ्रंट प्रोफाइल में कुछ बदलाव किए गए हैं। इसमें पारंपरिक ग्रिल की जगह बॉडी-कलर्ड क्लोज्ड फ्रंट फेशिया दिया गया है, जो इसे एक साफ-सुथरा EV लुक देता है।
यह SUV टाटा के Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिसका इस्तेमाल आने वाली Harrier EV में भी किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि Sierra EV में दो बैटरी पैक ऑप्शन मिलेंगे और इसकी क्लेम्ड रेंज लगभग 500 किलोमीटर तक हो सकती है। खास बात यह है कि इसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलने की संभावना है। कीमत की बात करें तो Tata Sierra EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 15 लाख रुपये हो सकती है।
2. Tata Punch EV
टाटा पंच EV को साल 2026 में मॉडल-ईयर अपडेट मिलने वाला है, जिसका उद्देश्य इसकी डिजाइन और फीचर्स अपील को और बेहतर बनाना होगा। इस अपडेट के साथ इसमें कुछ नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं, वहीं एक्सटीरियर और इंटीरियर के लिए नए कलर ऑप्शन्स भी मिलने की उम्मीद है।
Punch ICE फेसलिफ्ट के टेस्ट म्यूल में देखे गए बदलावों के आधार पर, Punch EV में भी पतले बेजल वाला नया फ्रीस्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है। इसके अलावा ऑडियो सिस्टम को भी अपग्रेड किया जा सकता है। पावरट्रेन में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बेहतर रेंज के लिए हल्के सुधार किए जा सकते हैं।
3. Tata Avinya
Tata Avinya कंपनी की प्रीमियम और लग्जरी EV सब-ब्रांड होगी, जिसे टाटा की इलेक्ट्रिक कार लाइनअप में सबसे ऊपर रखा जाएगा। कंपनी इसकी झलक Auto Expo 2025 में दिखा चुकी है। Avinya को एक फ्यूचरिस्टिक SUV-कूपे डिजाइन के साथ पेश किया जाएगा। इसके डिजाइन में T-शेप LED DRLs, क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, वर्टिकल हेडलैंप्स और सिल्वर स्किड प्लेट जैसे एलिमेंट्स शामिल होंगे, जो इसे दूसरी EVs से अलग पहचान देते हैं। केबिन की बात करें तो Avinya का इंटीरियर काफी मिनिमलिस्टिक होगा, जिसमें ड्यूल-टोन थीम, टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और इंटीग्रेटेड डिजिटल डिस्प्ले लेआउट देखने को मिलेगा।
Avinya से पहले, टाटा मोटर्स ने साल 2022 में Avinya कॉन्सेप्ट को भी पेश किया था, जो एक क्रॉसओवर डिजाइन में थी और इसमें Rolls-Royce से प्रेरित सुसाइड डोर्स जैसे यूनिक एलिमेंट्स देखने को मिले थे।
इलेक्ट्रिक कारों पर Tata Motors की स्ट्रैटजी
इन तीन अपकमिंग मॉडलों के अलावा, टाटा मोटर्स ने अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में तीन और नए मॉडल्स जोड़ने की भी पुष्टि की है। कंपनी के मुताबिक, वह अब तक भारतीय बाजार में 2.5 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बिक्री कर चुकी है, जिसमें Nexon EV का योगदान सबसे बड़ा रहा है। शुरुआत से ही टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर आक्रामक रणनीति अपनाती रही है और आने वाले वर्षों में लॉन्च होने वाली ये नई EVs कंपनी की बाजार में पकड़ को और मजबूत करने वाली हैं।
(मंजू कुमारी)
