SIAM Report: SIAM Report: नवंबर में ऑटो इंडस्ट्री की मज़बूत ग्रोथ, पैसेंजर और टू-व्हीलर सेल्स में तेज उछाल

नवंबर में पैसेंजर और टू-व्हीलर सेल्स में तेज उछाल
SIAM Report: सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने नवंबर 2025 के लिए ऑटो इंडस्ट्री के सेल्स आंकड़े जारी किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पैसेंजर व्हीकल और टू-व्हीलर सेगमेंट में सालाना आधार पर शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में 18.7 प्रतिशत और टू-व्हीलर्स की बिक्री में 21.2 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिली। नवंबर 2025 के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि त्योहारी मांग और सरकार के प्रोग्रेसिव GST 2.0 रिफॉर्म्स के चलते ऑटो इंडस्ट्री की बिक्री रफ्तार में बनी रही। उन्होंने बताया कि पैसेंजर व्हीकल, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर सेगमेंट ने नवंबर 2025 में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की है।
इस दौरान पैसेंजर व्हीकल्स की 4.12 लाख यूनिट्स बिकीं, टू-व्हीलर्स की बिक्री 19.44 लाख यूनिट्स रही और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में 72 हजार यूनिट्स की बिक्री हुई, जो नवंबर 2024 के मुकाबले 21.3 प्रतिशत अधिक है। इंडस्ट्री को उम्मीद है कि सपोर्टिव पॉलिसी रिफॉर्म्स और बेहतर मार्केट सेंटिमेंट्स के चलते यह ग्रोथ 2026 तक जारी रहेगी।
नवंबर 2025 में 4 लाख से ज्यादा पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री
नवंबर में पैसेंजर व्हीकल्स की कुल बिक्री 4,12,405 यूनिट्स रही, जो पिछले साल इसी अवधि की 3,47,522 यूनिट्स से कहीं ज्यादा है। पैसेंजर कार, SUV और वैन—तीनों सब-सेगमेंट में 15 प्रतिशत से अधिक की ग्रोथ दर्ज की गई।
SIAM के आंकड़ों के अनुसार, पैसेंजर कारों की बिक्री 97,186 यूनिट्स से बढ़कर 1,12,612 यूनिट्स हो गई, यानी 15.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी। SUV की बिक्री 1,92,684 यूनिट्स से बढ़कर 2,29,157 यूनिट्स हो गई, जो करीब 19 प्रतिशत अधिक है। वहीं, वैन की बिक्री 10,589 यूनिट्स से बढ़कर 13,200 यूनिट्स पहुंच गई, जिसमें 24.7 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई।
(ध्यान दें: इन सब-सेगमेंट आंकड़ों में टाटा मोटर्स की बिक्री शामिल नहीं है, हालांकि कुल पैसेंजर व्हीकल सेल्स में उसके आंकड़े जोड़े गए हैं।)
टू-व्हीलर सेल्स में 21.2% की तेज़ बढ़ोतरी
नवंबर 2025 में टू-व्हीलर्स की कुल बिक्री 19,44,475 यूनिट्स रही, जो पिछले साल की 16,04,749 यूनिट्स के मुकाबले 21.2 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से स्कूटर सेगमेंट की मजबूत मांग के कारण हुई। स्कूटर की बिक्री 5,68,580 यूनिट्स से बढ़कर 7,35,753 यूनि ट्स हो गई, यानी लगभग 30 प्रतिशत की ग्रोथ।
मोटरसाइकिल सेगमेंट में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। नवंबर 2024 की 9,90,246 यूनिट्स के मुकाबले बिक्री 17.5 प्रतिशत बढ़कर 11,63,751 यूनिट्स पहुंच गई। हालांकि, मोपेड की बिक्री में हल्की गिरावट देखने को मिली और यह 45,923 यूनिट्स से घटकर 44,971 यूनिट्स रह गई।
FY26 में अब तक की बिक्री लगभग स्थिर
वित्त वर्ष 2026 (अप्रैल–नवंबर) के आंकड़ों पर नजर डालें तो पैसेंजर व्हीकल्स की कुल बिक्री 28,05,658 यूनिट्स रही, जो पिछले साल की 27,26,709 यूनिट्स से 2.9 प्रतिशत ज्यादा है।
इस दौरान पैसेंजर कारों की बिक्री में 1.6 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि SUV की बिक्री 5.1 प्रतिशत और वैन की बिक्री 2.7 प्रतिशत बढ़ी।
टू-व्हीलर सेगमेंट में कुल मिलाकर बिक्री लगभग स्थिर रही, हालांकि स्कूटर की मांग के चलते 3.3 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई। अप्रैल से नवंबर 2025 के बीच स्कूटर की बिक्री 10.3 प्रतिशत बढ़कर 52,81,465 यूनिट्स हो गई। वहीं, मोटरसाइकिल की बिक्री लगभग स्थिर रही और मोपेड की बिक्री में 5.8 प्रतिशत की गिरावट आई। अप्रैल से नवंबर 2025 की अवधि में कुल टू-व्हीलर बिक्री 1,43,91,841 यूनिट्स दर्ज की गई।
(मंजू कुमारी)
