New SUV: भारत में बनी निसान मैगनाइट के ब्रेकिंग सिस्टम में खराबी, कंपनी ने जारी किया रिकॉल

सऊदी अरब में भारत में बनी Nissan Magnite SUV के 1,552 यूनिट्स रिकॉल के दायरे में आए हैं।
New SUV: निसान ने 2025 की शुरुआत में Magnite फेसलिफ्ट को लॉन्च किया था, जिसे नए फीचर्स और अपडेट्स के साथ पेश किया गया था। यह मॉडल RHD (राइट-हैंड ड्राइव) और LHD (लेफ्ट-हैंड ड्राइव) दोनों वर्जन में प्रदर्शित किया गया था। भारत में बनी Magnite का पहला LHD वर्जन सऊदी अरब के बाजार में एक्सपोर्ट किया गया था। अब इसी मॉडल के ब्रेकिंग सिस्टम में खराबी सामने आई है, जिसकी वजह से एक्सीडेंट का खतरा बढ़ गया है। कंपनी ने इसके लिए आधिकारिक रिकॉल जारी कर दिया है।
2025 Nissan Magnite का रिकॉल
सऊदी अरब में भारत में बनी Nissan Magnite SUV के 1,552 यूनिट्स रिकॉल के दायरे में आए हैं। यह घोषणा 9 सितंबर 2025 को की गई थी और इसका रेफरेंस नंबर 25100 है। समस्या ब्रेक सिस्टम से जुड़ी है और कंपनी प्रभावित कारों की मरम्मत ग्राहकों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के करेगी।
समस्या क्या है?
Nissan के अनुसार, ब्रेक पाइप और हीट शील्ड के बीच पर्याप्त जगह (क्लीयरेंस) नहीं है। इस वजह से ब्रेक पाइप हीट शील्ड से रगड़ सकता है, जिससे ब्रेक फ्लूइड का रिसाव हो सकता है। इसका असर ब्रेकिंग पर पड़ेगा और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर चेतावनी संदेश भी दिख सकता है। यह स्थिति एक्सीडेंट का जोखिम बढ़ा सकती है। कंपनी ने ग्राहकों से अपील की है कि वे तुरंत नजदीकी अधिकृत Nissan सर्विस सेंटर से संपर्क करें, जहां यह समस्या मुफ्त में ठीक की जाएगी।
क्या भारत का मॉडल प्रभावित है?
भारत और सऊदी अरब में बेची जाने वाली Magnite तकनीकी रूप से काफी हद तक समान हैं, फर्क सिर्फ ड्राइविंग ओरिएंटेशन (RHD और LHD) का है। ब्रेक पाइप्स की पोजिशनिंग ड्राइवर की सीट के हिसाब से अलग होती है। यही कारण है कि सऊदी मॉडल में जो समस्या आई है, वह भारतीय मॉडल पर लागू नहीं होती।
निसान की आगे की रणनीति
Nissan Motor India ने भारतीय बाजार में Magnite के लिए किसी रिकॉल की घोषणा नहीं की है। कंपनी का फोकस Magnite की पहुंच को और ज्यादा LHD और RHD बाजारों तक बढ़ाने पर है। इसके साथ ही Nissan, भारत में Renault Triber जैसी 4 मीटर से छोटी MPV और Renault Duster जैसी एक कॉम्पैक्ट SUV लाने की तैयारी कर रही है।
(मंजू कुमारी)
