Volvo Cars:स्वीडन की लग्जरी कार निर्माता Volvo ने भारतीय ग्राहकों को झटका देते हुए अपनी सभी कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। कंपनी के अनुसार नई कीमतें 1 मई 2026 से लागू होंगी

Volvo Cars: स्वीडन की लग्जरी कार निर्माता Volvo ने भारतीय बाजार में अपनी सभी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। कंपनी के अनुसार नई कीमतें 1 मई 2026 से लागू होंगी। इस फैसले का असर Volvo की पूरी लाइनअप पर पड़ेगा, जिसमें Volvo EX30, Volvo EC40, Volvo XC60 और Volvo XC90 शामिल हैं।

कितनी बढ़ेंगी कीमतें
Volvo India ने जानकारी दी है कि कीमतों में बढ़ोतरी अधिकतम 1 लाख रुपये तक होगी। हालांकि, हर मॉडल पर बढ़ोतरी अलग-अलग होगी। कंपनी की एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक SUV Volvo EX30 की मौजूदा कीमत 41 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि फ्लैगशिप SUV Volvo XC90 की कीमत 97.8 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। नई कीमतें लागू होने के बाद इन मॉडलों को खरीदना ग्राहकों के लिए थोड़ा महंगा पड़ सकता है।

कीमतें बढ़ाने की वजह

  • कंपनी ने इस बढ़ोतरी के पीछे कई वैश्विक कारण बताए हैं। सबसे बड़ा कारण सप्लाई चेन में आ रही दिक्कतें हैं, जिससे गाड़ियों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की लागत बढ़ गई है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा दरों में उतार-चढ़ाव ने भी लागत पर असर डाला है।
  • मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हुआ है, जिससे ऑटो इंडस्ट्री पर दबाव बढ़ा है। इन सभी कारणों से उत्पादन लागत में इजाफा हुआ है, जिसे संतुलित करने के लिए कंपनी ने कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है।

दूसरी कंपनियां भी बढ़ा रहीं दाम
यह सिर्फ Volvo तक सीमित नहीं है। BMW, Audi और Mercedes-Benz जैसी अन्य लग्जरी कार निर्माता कंपनियां भी लागत बढ़ने के चलते अपनी गाड़ियों की कीमतों में इजाफा कर चुकी हैं।
कुल मिलाकर, बढ़ती लागत और वैश्विक परिस्थितियों के कारण ऑटो सेक्टर में कीमतों का बढ़ना फिलहाल जारी रहने की संभावना है।

(मंजू कुमारी)