Volkswagen Taigun: फॉक्सवैगन टाइगुन फेसलिफ्ट जल्द ही भारतीय बाजार में दस्तक देने वाला है। कंपनी ने इसका ऑफिशियल टीजर जारी कर दिया है, जिसमें SUV की पहली झलक देखने को मिलती है।

Volkswagen Taigun: जर्मन ऑटोमेकर Volkswagen अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV Volkswagen Taigun का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने इसका ऑफिशियल टीजर जारी कर दिया है, जिसमें SUV का सिल्हूट देखने को मिला है। हालांकि, इसका ओवरऑल बॉडीशेल पहले जैसा ही रहेगा। खास बात यह है कि नई Taigun Facelift को 9 अप्रैल 2026 को लॉन्च किया जाएगा।

डिजाइन में क्या होगा नया?
नई Taigun Facelift के एक्सटीरियर में कॉस्मेटिक अपडेट्स देखने को मिलेंगे। इसमें नए डिजाइन के हेडलाइट्स, अपडेटेड फ्रंट ग्रिल और रीडिजाइन बंपर शामिल होंगे, जो SUV को ज्यादा फ्रेश और बोल्ड लुक देंगे। साइड प्रोफाइल में नए अलॉय व्हील्स का ऑप्शन मिल सकता है। वहीं, रियर सेक्शन में हल्के बदलाव के साथ नए टेललैंप्स और अपडेटेड बंपर देखने को मिल सकते हैं।

इंटीरियर और फीचर्स
कैबिन लेआउट पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन इसमें नए कलर थीम और प्रीमियम फिनिश जोड़े जा सकते हैं। फीचर्स की लिस्ट को भी अपडेट किया जाएगा, जिससे यह SUV पहले से ज्यादा टेक-लोडेड बन सकती है। यह अपडेट काफी हद तक Skoda Kushaq के फेसलिफ्ट मॉडल जैसा हो सकता है। उम्मीद है कि बेस वेरिएंट में भी कई एडवांस फीचर्स शामिल किए जाएंगे।

इंजन और परफॉर्मेंस
Taigun Facelift में मौजूदा इंजन ऑप्शन ही बरकरार रहेंगे। इसमें 1.0-लीटर TSI और 1.5-लीटर TSI पेट्रोल इंजन मिलेंगे। हालांकि, गियरबॉक्स में बदलाव किया जा सकता है। 1.0-लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन जारी रहेगा, लेकिन 6-स्पीड ऑटोमैटिक की जगह 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलने की उम्मीद है। वहीं, 1.5-लीटर इंजन के साथ 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स दिया जाएगा।

कंपनी का क्या कहना है? 
Volkswagen इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर Nitin Kohli के अनुसार, नया Taigun पहले से ज्यादा एक्सप्रेसिव डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और बेहतर ड्राइविंग डायनेमिक्स के साथ आएगा। इसे खासतौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। नई टाइगुन फेसलिफ्ट एक ज्यादा स्टाइलिश, फीचर-रिच और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड एसयूवी के रूप में सामने आने वाली है।

(मंजू कुमारी)