New Scooter: Vespa के नए स्कूटर का लुक बेहद खास और क्लासिक है। इसका Officina 8 नाम 1944 में स्थापित खास एक्सपेरिमेंटल डिपार्टमेंट से लिया गया है, जहां इंजीनियर, डिजाइनर और मैकेनिक नई तकनीकों पर काम करते थे।

New Scooter: इटली की मशहूर टू-व्हीलर कंपनी Vespa ने भारत में अपनी नई स्पेशल एडिशन स्कूटर Vespa Officina 8 लॉन्च किया है। यह खास एडिशन ब्रांड की विरासत और इतिहास को सम्मान देने के लिए तैयार किया गया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत महाराष्ट्र में 1.34 लाख रुपये से शुरू होती है, जिससे यह प्रीमियम सेगमेंट में एक आकर्षक विकल्प बनकर सामने आता है। यह स्कूटर उस ऐतिहासिक वर्कशॉप से प्रेरित है, जहां पहली बार Vespa के प्रोटोटाइप तैयार किए गए थे। यह वर्कशॉप इटली के Pontedera शहर में स्थित Piaggio के प्लांट के अंदर बनाई गई थी। इसी जगह पर कंपनी ने अपने शुरुआती प्रयोगों और नए डिजाइन कॉन्सेप्ट्स पर काम किया था, जिसने आगे चलकर Vespa को एक पहचान दिलाई।

Officina 8 नाम के पीछे की कहानी
Officina 8 नाम 1944 में स्थापित उस खास एक्सपेरिमेंटल डिपार्टमेंट से लिया गया है, जहां इंजीनियर, डिजाइनर और मैकेनिक नई तकनीकों पर काम करते थे। यह टीम मुख्य प्रोडक्शन लाइन से अलग रहकर नए कॉन्सेप्ट, डिजाइन और प्रोटोटाइप तैयार करती थी। उनकी मेहनत का नतीजा 1946 में सामने आया, जब Vespa का पेटेंट कराया गया। यह नया स्पेशल एडिशन उसी ऐतिहासिक सफर को याद करने का एक तरीका है।

डिजाइन और लुक
Vespa Officina 8 का लुक बेहद खास और क्लासिक है। इसमें स्टील बॉडी के साथ ‘Blue Officina 8’ मैट मेटैलिक फिनिश दी गई है। इसके साथ मेटैलिक रिवेट्स, ब्रास और एल्युमिनियम टोन का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे प्रीमियम फील देते हैं। गोल हेडलैंप, स्मूद लाइन्स और रिब्ड डिजाइन वाली सीट इसके रेट्रो स्टाइल को और बेहतर बनाती है।

इंजन और फीचर्स
यह स्कूटर 125cc और 150cc, दोनों इंजन विकल्पों में उपलब्ध है, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार वेरिएंट चुन सकते हैं। इसके हर स्कूटर के साथ खास वेलकम किट भी दी जाएगी, जिसमें उस ऐतिहासिक वर्कशॉप की कहानी बताने वाली किताब शामिल होगी। इसके अलावा, ग्राहकों को स्कूटर के रंग से मेल खाता हाफ-फेस हेलमेट भी दिया जाएगा, जो इस स्पेशल एडिशन को और खास बनाता है।

(मंजू कुमारी)