Car tips: गर्मियों के मौसम में धूप में खड़ी कार के अंदर बैठना किसी भट्टी में बैठने जैसा लगता है। ऐसे में AC का इस्तेमाल करना जरूरी हो जाता है, लेकिन साथ ही पेट्रोल खर्च बढ़ने की चिंता भी रहती है। अगर आप कुछ आसान और स्मार्ट तरीके अपनाते हैं, तो कार का केबिन ठंडा भी रहेगा और माइलेज पर ज्यादा असर भी नहीं पड़ेगा।
1. पहले गर्म हवा बाहर निकालें
कार स्टार्ट करते ही तुरंत AC ऑन करने की बजाय पहले सभी खिड़कियां खोल दें और 1-2 मिनट तक कार चलाएं। इससे अंदर भरी गर्म हवा बाहर निकल जाती है। इसके बाद खिड़कियां बंद करके AC चालू करें, इससे कूलिंग तेजी से होगी।
2. रीसर्क्युलेशन मोड का करें इस्तेमाल
जब कार थोड़ी ठंडी हो जाए, तो AC का रीसर्क्युलेशन मोड ऑन करें। यह बाहर की गर्म हवा को अंदर आने से रोकता है और अंदर की ठंडी हवा को ही सर्कुलेट करता है। इससे कंप्रेसर पर कम लोड पड़ता है और फ्यूल की बचत होती है।
3. सही पार्किंग और वेंटिलेशन
हमेशा कोशिश करें कि कार को छांव में पार्क करें। अगर धूप में खड़ी करनी पड़े तो खिड़की थोड़ी खुली छोड़ दें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे। साथ ही सनशेड का इस्तेमाल करने से कार के अंदर का तापमान काफी कम रहता है।
4. AC फिल्टर की नियमित सफाई
गंदा AC फिल्टर कूलिंग को कम कर देता है और इंजन पर अतिरिक्त दबाव डालता है। इसलिए समय-समय पर फिल्टर साफ करवाएं। साफ फिल्टर से हवा का फ्लो बेहतर होता है और माइलेज भी सुधरता है।
5. स्पीड के अनुसार खिड़की का इस्तेमाल
कम स्पीड पर खिड़की खोलकर ड्राइव करना ठीक है, लेकिन हाईवे पर ऐसा करने से माइलेज घटता है। तेज रफ्तार में खिड़की बंद रखकर AC चलाना ज्यादा किफायती होता है।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप गर्मियों में आरामदायक ड्राइव का आनंद ले सकते हैं, बिना ज्यादा फ्यूल खर्च किए।
(मंजू कुमारी)