Renault India: फ्रांसीसी ऑटोमोबाइल कंपनी रेनो ग्रुप ने भारत के लिए नई स्ट्रैटजी का खुलासा करते हुए 2030 तक नई कारें लॉन्च करने की बात कही है।

Renault India: रेनॉ इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए सात नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की घोषणा की है। फ्रांसीसी कंपनी की ये नई गाड़ियां Renault Group Entry Platform (RGEP) पर आधारित होंगी, जिन्हें खास तौर पर 10 लाख रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट के लिए तैयार किया जाएगा। इस सेगमेंट में फिलहाल Maruti Suzuki और Hyundai का दबदबा है, जिसे चुनौती देने की तैयारी Renault कर रही है।

RGEP प्लेटफॉर्म से मिलेगा बड़ा बूस्ट

  • कंपनी के पास फिलहाल एंट्री-लेवल सेगमेंट में Renault Kwid, Renault Triber और Renault Kiger जैसे मॉडल मौजूद हैं। हालांकि नए RGEP प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनी इन मॉडलों को और ज्यादा आधुनिक और सक्षम बनाने की योजना बना रही है। दिलचस्प बात यह है कि इस नए प्लेटफॉर्म में Kwid को शामिल नहीं किया जाएगा।
  • RGEP प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कई बॉडी टाइप्स को सपोर्ट कर सके। इससे कंपनी अलग-अलग सेगमेंट में नए मॉडल और अपडेट्स ला सकेगी। वर्तमान में ये कारें CMF-A प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं, लेकिन आने वाले महीनों में इन्हें नए प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया जाएगा। यह कदम कंपनी के “FutuREeady India” रोडमैप का हिस्सा है।

Triber में आएगा बड़ा बदलाव
Renault Triber में भी जल्द बड़ा अपडेट देखने को मिलेगा। इसे भविष्य में RGEP प्लेटफॉर्म के साथ अंडरबॉडी CNG सेटअप के साथ पेश किया जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि CNG सिलेंडर नीचे फिट होने से बूट स्पेस पूरी तरह खाली रहेगा, जो ग्राहकों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।

RGMP प्लेटफॉर्म से मिलेगा मल्टी-पावरट्रेन सपोर्ट
इसके अलावा कंपनी Renault Group Modular Platform का उपयोग कर अन्य सेगमेंट में भी विस्तार करने की योजना बना रही है। यही प्लेटफॉर्म Renault Duster में इस्तेमाल किया जा रहा है और यह CNG, फ्लेक्स-फ्यूल, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक जैसे कई पावरट्रेन विकल्पों को सपोर्ट करता है। साथ ही इसमें 2WD और 4WD ड्राइव सिस्टम की सुविधा भी मिलती है।

कुल मिलाकर, Renault India की यह नई रणनीति भारतीय बाजार में उसकी स्थिति को मजबूत करने और किफायती सेगमेंट में नई पहचान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

(मंजू कुमारी)