Tesla Cars: एलन मस्क की टेस्ला अपनी लोकप्रिय SUV मॉडल वाय का ज्यादा स्पेसियश वर्जन लेकर आ रही है। यह मॉडल भारतीय बाजार में कीमत और फीचर्स के लिहाज से कंपनी की पकड़ को मजबूत करेगा।

Tesla Cars: अमेरिकी इलेक्ट्रिक व्हीकल मेकर टेस्ला भारत में अपनी सबसे लोकप्रिय एसयूवी Tesla Model Y का नया और बड़ा वर्जन लॉन्च करने की तैयारी में है। इस नए मॉडल का नाम Tesla Model Y L है, जिसे अगले हफ्ते तक भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है। मॉडल वाय का नया वर्जन ज्यादा स्पेस वाला और फीचर्स के लिहाज से भारतीय बाजार में टेस्ला की पकड़ मजबूत को करने की कोशिश मानी जा रही है।

6-सीटर और लंबा व्हीलबेस
नया Model Y L तीन-रो सीटिंग के साथ आएगा, जिसमें 6 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी। यह लंबा व्हीलबेस (Long Wheelbase) वाला वर्जन है, जो खासतौर पर बड़ी फैमिली के लिए ज्यादा स्पेस और कम्फर्ट ऑफर करेगा। इस मॉडल को पहली बार पिछले साल China में लॉन्च किया गया था और फिलहाल इसका प्रोडक्शन Shanghai Gigafactory में हो रहा है, जहां से इसे भारत लाया जाएगा।

भारत में टेस्ला का नया दांव
भारत में यह टेस्ला का पहला नया प्रोडक्ट होगा, क्योंकि कंपनी ने जुलाई 2025 में 5-सीटर Model Y की बिक्री शुरू की थी। हालांकि, भारत में टेस्ला की बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। साल 2025 में कंपनी केवल 227 कारें ही बेच पाई, जिसके चलते ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 2 लाख रुपये तक की छूट भी दी गई।

महंगे आयात और कम मांग की चुनौती
भारत में इंपोर्टेड कारों पर 70% से 110% तक का भारी टैक्स लगता है, जिससे टेस्ला की गाड़ियां काफी महंगी हो जाती हैं। यही वजह है कि कंपनी नए Model Y L के जरिए अपने पोर्टफोलियो को अपडेट कर बाजार में नई दिलचस्पी पैदा करना चाहती है।

कीमत और ग्लोबल प्लान
चीन में Model Y L की शुरुआती कीमत लगभग 49,679 डॉलर (करीब ₹42 लाख) है। टेस्ला ने संकेत दिया है कि यह मॉडल केवल चीन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि Australia और New Zealand जैसे बाजारों के साथ भारत में भी लॉन्च किया जा सकता है।

गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में टेस्ला की वैश्विक बिक्री में गिरावट आई है और 2025 में कंपनी ने इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी टॉप पोजीशन BYD को खो दी थी। ऐसे में Model Y L टेस्ला के लिए एक अहम कदम साबित हो सकता है।

(मंजू कुमारी)