CNG Mileage Tips: पेट्रोल-डीजल की तरह सीएनजी की बढ़ती कीमतें भी वाहन मालिकों की जेब पर असर डाल रही हैं। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि बार-बार CNG भरवाने की जरूरत न पड़े और आपकी कार बेहतर माइलेज दे, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर गैस की खपत कम की जा सकती है। सही ड्राइविंग आदतें और नियमित मेंटेनेंस आपकी सीएनजी कार की एफिशिएंसी बढ़ाने में बड़ा रोल निभाते हैं।
ठंडे समय में भरवाएं सीएनजी
माइलेज बढ़ाने का एक आसान तरीका है कि सुबह जल्दी या रात के ठंडे समय में CNG भरवाएं। कम तापमान में गैस ज्यादा कंप्रेस होती है, जिससे सिलेंडर में अधिक मात्रा में CNG भर सकती है। इसका सीधा फायदा बेहतर रनिंग और माइलेज के रूप में मिलता है।
एयर फिल्टर रखें साफ
CNG इंजन के सही काम करने के लिए हवा और गैस का संतुलन जरूरी होता है। अगर एयर फिल्टर गंदा या जाम हो जाए तो इंजन को पर्याप्त हवा नहीं मिलती। ऐसी स्थिति में इंजन ज्यादा गैस खपत करने लगता है। साफ एयर फिल्टर इंजन की परफॉर्मेंस बेहतर बनाता है और माइलेज 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ाने में मदद कर सकता है।
स्मूद ड्राइविंग अपनाएं
अचानक तेज एक्सीलेरेशन, बार-बार हार्ड ब्रेकिंग और जरूरत से ज्यादा गियर बदलना CNG की खपत बढ़ा देता है। बेहतर माइलेज के लिए कार को स्मूद तरीके से चलाएं और कोशिश करें कि एक समान स्पीड बनाए रखें। आरामदायक ड्राइविंग से गैस की बचत होती है।
टायर प्रेशर पर दें ध्यान
CNG कारों में सिलेंडर के कारण पीछे का वजन बढ़ जाता है। ऐसे में टायरों में सही हवा होना बेहद जरूरी है। कम प्रेशर होने पर इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे माइलेज घट जाता है। महीने में कम से कम दो बार टायर प्रेशर जरूर चेक कराएं। सही प्रेशर न सिर्फ माइलेज बढ़ाता है बल्कि टायरों की लाइफ भी लंबी करता है।
(मंजू कुमारी)