Car Glove Box Tips: कार में मौजूद ग्लव बॉक्स भले ही एक छोटा स्टोरेज स्पेस लगता हो, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल कई बार बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।

Car Glove Box Tips: कार में दिया गया ग्लव बॉक्स भले ही छोटा स्टोरेज स्पेस लगता हो, लेकिन हर सामान रखने के लिए यह सही जगह नहीं है। अक्सर लोग इसमें जरूरी कागजों से लेकर खाने-पीने की चीजें तक रख देते हैं, जो कई बार जोखिम भरा साबित हो सकता है। आइए जानते हैं किन चीजों को ग्लव बॉक्स में रखने से बचना चाहिए।


पर्सनल डॉक्यूमेंट्स और कार्ड्स
ज्यादातर लोग आरसी, इंश्योरेंस पेपर या डेबिट-क्रेडिट कार्ड ग्लव बॉक्स में रखते हैं। लेकिन अगर कार चोरी हो जाए या उसमें सेंधमारी हो, तो चोर सबसे पहले इसी जगह को चेक करते हैं। ऐसे में आपके जरूरी दस्तावेज और कार्ड गलत हाथों में जा सकते हैं। बेहतर है कि जरूरी डॉक्यूमेंट्स की डिजिटल कॉपी फोन में रखें और कार्ड हमेशा अपने पास रखें।

परफ्यूम और स्प्रे कैन्स
परफ्यूम, डियोड्रेंट या हेयरस्प्रे जैसे आइटम ग्लव बॉक्स में रखना खतरनाक हो सकता है। इन कैन्स में गैस का प्रेशर होता है और गर्मियों में कार का तापमान काफी बढ़ जाता है। इससे ये फट सकते हैं और आग लगने का खतरा भी पैदा हो सकता है।

दवाइयां
दवाइयों को ग्लव बॉक्स में रखना भी सही नहीं है। कार के अंदर का तापमान दवाइयों की गुणवत्ता पर असर डाल सकता है। खासकर इंसुलिन या इन्हेलर जैसी संवेदनशील दवाइयां खराब हो सकती हैं। इन्हें हमेशा एक अलग बैग में सुरक्षित रखें।

इलेक्ट्रॉनिक्स और बैटरी
पुराने मोबाइल फोन, पावर बैंक या बैटरी ग्लव बॉक्स में रखना जोखिम भरा हो सकता है। ज्यादा गर्मी से बैटरी फूल सकती है या फट सकती है, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।

खाने-पीने का सामान
ग्लव बॉक्स में बिस्किट, चिप्स या चॉकलेट रखना आम बात है, लेकिन यह आदत नुकसानदायक हो सकती है। लंबे समय तक रखे खाने से कीड़े-मकौड़े आकर्षित होते हैं और कार में बदबू भी फैल सकती है।

ग्लव बॉक्स का इस्तेमाल सीमित और समझदारी से करना चाहिए। इसमें सिर्फ जरूरी और सुरक्षित चीजें ही रखें, ताकि आपकी कार और सामान दोनों सुरक्षित रहें।

(मंजू कुमारी)