Luxury SUV: बीएमडब्ल्यू (BMW) ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम लग्जरी एसयूवी BMW X3 30 xDrive M Sport Pro को लंबे इंतजार के बाद लॉन्च कर दिया है। यह X3 लाइनअप का टॉप वेरिएंट है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 74.50 लाख रुपये रखी गई है। ऑन-रोड कीमत की बात करें तो मुंबई में यह करीब 88.57 लाख रुपये तक पहुंचती है, जबकि दिल्ली में इसकी कीमत लगभग 86.18 लाख रुपये हो सकती है। यह वेरिएंट पेट्रोल इंजन के साथ आता है और कंपनी की इस सीरीज में सबसे पावरफुल माना जा रहा है।
डिजाइन और इंटीरियर
- नई X3 30 xDrive M Sport Pro को अल्पाइन व्हाइट, ब्लैक सफायर, टैंजनाइट ब्लू, ड्यून ग्रे और ब्रुकलिन ग्रे जैसे आकर्षक कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। इसकी लंबाई 4755 मिमी, चौड़ाई 1920 मिमी, ऊंचाई 1660 मिमी और व्हीलबेस 2865 मिमी है। एक्सटीरियर में डार्क किडनी ग्रिल, स्मोक्ड हेडलैंप्स और टेललैंप्स, रेड एम स्पोर्ट ब्रेक कैलिपर्स और 20-इंच एम अलॉय व्हील्स इसे स्पोर्टी और दमदार लुक देते हैं। पैनोरमिक सनरूफ, एलईडी हेडलाइट्स और डेटाइम रनिंग लाइट्स इसके प्रीमियम अपील को और बढ़ाते हैं।
- केबिन को मिनिमलिस्टिक और लक्जरी फील के साथ डिजाइन किया गया है। इसमें लेदर अपहोल्स्ट्री, एम सीट बेल्ट्स, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, एम्बिएंट लाइटिंग, हेड-अप डिस्प्ले और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। 570 लीटर का बूट स्पेस इसे लंबी यात्राओं के लिए भी उपयोगी बनाता है।
फीचर्स और सेफ्टी
इसमें 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 15-स्पीकर हरमन कार्डन साउंड सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, क्रूज कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और पार्किंग असिस्ट जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग्स, एडीएएस लेवल 3, लेन डिपार्चर वार्निंग, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग और हाई-बीम असिस्ट जैसे एडवांस सिस्टम शामिल हैं।
इंजन और माइलेज
इस एसयूवी में 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 255 bhp की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम के साथ यह 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव से लैस है। यह 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार मात्र 6.3 सेकेंड में पकड़ लेती है और 14.61 kmpl का माइलेज देती है।
(मंजू कुमारी)